दिल्ली के लाल किले में हुए ब्लास्ट के बाद से एक बार NIA यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी चर्चा में आ गई है। इस ब्लास्ट की जांच की जिम्मेदारी NIA को ही सौंप दी गई है। NIA के अधिकारी बड़े-बड़े आतंकवादियों से सच उगलवाने के लिए जाने जाते हैं। इस केस के बाद अब लोगों खासकर युवाओं के मन में सवाल है कि NIA में अधिकारी कैसे बना जाता है। इस तरह के हाई प्रोफाइल केस को हैंडल करने वाले यह अधिकारी बनने के लिए कौन सी परीक्षा देनी होती है। 

 

NIA में भर्ती कैसे होते हैं इससे पहले यह जानना जरूरी है कि NIA क्या है। आपको बता दें कि NIA भारत सरकार की प्रमुख जांच एजेंसियों में से एक है। इस एजेंसी को 2008 में 26/11 हमलों के बाद बनाया गया था। यह एजेंसी विशेष रूप से आतंकवाद, फेक करेंसी, मानव तस्करी, ड्रग्स तस्करी और संगठित अपराध जैसी गंभीर घटनाओं की जांच करती है। इस एजेंसी के पास पूरे देश में कहीं भी छापा मारने और गिरफ्तारी करने का कानूनी अधिकार है। यह अधिकार इस एजेंसी को ईडी, सीबीआई जैसे जांच एजेंसियों से अलग बनाता है। 

 

यह भी पढ़ें- SSC CHSL टियर 1 का एडमिट कार्ड हुआ जारी, जानिए कैसे करें डाउनलोड

NIA में कैसे मिलती है नौकरी?

NIA में अधिकारी बनने के लिए आपके पास दो प्रमुख रास्ते हैं। NIA में भरती के लिए SSC CGL और UPSC सिविल सर्विस परीक्षा पास करनी होती है। इन परीक्षाओं को पास करने के बाद आप NIA में अधिकारी बन सकते हैं। अगर आप SSC CGL की परीक्षा पास कर लेते हैं तो आप सब इंस्पेक्टर (SI) जैसे पदों के लिए योग्य होते हैं। वहीं, अगर आप UPSC सिविल सर्विस परीक्षा को पास करते हैं तो आप इंडियन पुलिस सर्विस (IPS) या फिर इंडियन रेवेन्यू सर्विस (IRS) जैसी सेवाओं में भर्ती हो सकते हैं। इन सेवाओं के जरिए ही NIA में अधिकारी बन सकते हैं। 

कौन कर सकता है अप्लाई?

इन भर्ती परक्षाओं में शामिल होने के लिए वही उम्मीदवार अप्लाई कर सकते हैं जिनके पास ग्रेजुएशन की डिग्री हो। UPSC सिविल सर्विस परीक्षा और SSC CGL की परीक्षा में बैठने के लिए कम से कम ग्रेजुएशन पास होना चाहिए। 

 

SSC CGL - इसमें चार चरणों में परीक्षा होती है। इसमें टियर-1, टियर-2, टियर-3 और टियर-4 की परीक्षाएं शामिल हैं। इन सभी परीक्षाओं को पास करने के बाद फिजिकल टेस्ट होता है और इंटरव्यू राउंड भी पास करना होता है। इन सभी चरणों को पार करने के बाद ट्रेनिंग दी जाती है और सिलेक्टेड कैंडिडेट्स को अन्य सेवाओं के साथ-साथ NIA में भी पोस्टिंग मिलती है। 

UPSC- UPSC सिविल सर्विस परीक्षा पास करने के बाद भी आप NIA में नौकरी पा सकते हैं। इसके लिए आपको पहले प्रीलिम्स, फिर मेन्स और अंत में इंटरव्यू पास करना होता है। इसके बाद आपको अलग-अलग सेवाओं में नियुक्ति दी जाती है। इन्हीं में इंडियन पुलिस सर्विस भी शामिल है। आईपीएस बनने के बाद डेप्यूटेशन पर अधिकारियों को NIA में नियुक्त किया जाता है। NIA के सीनियर पदों पर आईपीएस अधिकारी ही जाते हैं। 

 

यह भी पढ़ें--कनाडा में नहीं पढ़ पाएंगे भारतीय! नए इमिग्रेशन प्लान से क्या बदल जाएगा?

कितनी होती है सैलरी?

NIA में काम करने वाले अधिकारियों को उनकी सर्विस के हिसाब से सैलरी मिलती है। अगर सर्विस में शामिल होने के बाद आपको NIA में काम करने का मौका मिलता है तो आपको पद और जिम्मेदारी के अनुसार सैलरी मिलती है। अगर आप SSC CGLके जरिए सब इंस्पेक्टर बनते हैं तो आपकी शुरुआती सैलरी लगभग 35,400 से शुरु होकर 65,000 तक हो सकती है। इसके अलावा सरकारी कर्माचरियों को मिलने वाली सुविधाएं भी शामिल हैं। अगर आप आईपीएस के जरिए NIA में जाते हैं तो आपकी शुरुआती सैलरी 56,100 रुपये से शुरू होती है। इसके अलावा DA, HRA, TA जैसे कई भत्ते भी शामिल होते हैं।