भारी रिटर्न का वादा करके भोले-भाले लोगों को ठगने वाले जालसाजों की कहानियां तो अक्सर सामने आती रहती हैं। मगर चीन की एक महिला ऐसी भी है, जिसने 10-12 लोग नहीं, बल्कि 1 लाख 28 हजार लोगों के साथ धोखाधड़ी की। धोखाधड़ी क्रिप्टोकरंसी में की गई थी। ऐसा करके उस महिला ने 6.6 अरब डॉलर की बिटक्वॉइन जुटाई। अब चीन की उस महिला को यूके में 11 साल से ज्यादा की सजा सुनाई गई है। 


पुलिस ने बताया कि 47 वर्षीय झिमिन कियान के पास से 61 हजार बिटक्वॉइन बरामद की गई थी। ब्रिटिश मीडिया ने कियान को 'क्रिप्टोक्वीन' नाम दिया है। 


कियान को अप्रैल 2024 में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार होने से पहले उसने धोखाधड़ी से जो बिटक्वॉइन कमाए थे, उससे उसने यूरोपी में लग्जरी लाइफस्टाइल जी। वह महंगे होटलों में रुकती थी। उसके बाद ज्वलेरी और महंगी घड़ियां थीं।

 

यह भी पढ़ें-- पहले थे आतंकवादी, अब सीरिया में अमेरिका के साथ शांति स्थापित करेंगे अल-शरा

झिमिन कियान ने क्या किया था?

पुलिस ने बताया कि कियान ने एक स्कीम चलाई थी। इसमें 2014 से 2017 के बीच 1.28 लाख से ज्यादा लोगों ने निवेश किया। इनमें से बहुत से लोग ऐसे थे जिन्होंने अपनी जिंदगी भर की कमाई और पेंशन तक लगा दी थी। पुलिस ने कहा कि उसने इस पैसे से बिटक्वॉइन खरीद ली थीं।

 

 

झिमिन कियान पर चीन की जांच एजेंसियों की नजर पड़ी तो वह नकली पहचान के जरिए भागकर यूके  गई। लंदन आने के बाद उसने एक शानदार घर किराये पर लिया, जिसका हर महीने का किराया 23 हजार डॉलर था। उसने बिटक्वॉइन से और भी संपत्तियां खरीदने की कोशिश की लेकिन वह नाकाम रही।


जांच एजेंसियों को कियान के पास से कुछ नोट्स भी मिले थे, जिसमें उसने अपनी ख्वाहिशें लिखी थीं। वह 'लाइबरलैंड की रानी' बनना चाहती थी, जो क्रोएशिया और सर्बिया के बीच एक जमीन है। वह ड्यूक और शाही परिवार से भी मिलना चाहती थी।

 

यह भी पढ़ें-- नर्स, डॉक्टर और इंजीनियर, भारत के कामगारों के दम पर चल रही दुनिया

11 साल 8 महीने की हुई सजा

यूके की अदालत ने झिमिन कियान को 11 साल और 8 महीने की जेल की सजा सुनाई है। जज सैली-ऐन हेल्स ने कहा, 'तुम सिर्फ लालची थी। तुमने चीन छोड़ दिया, बिना उन लोगों की परवाह किए जिनके साथ तुमने धोखाधड़ी की थी। तुमने यहां लग्जरी लाइफ जी। तुमने झूठ बोला और केवल खुद को फायदा पहुंचाने की कोशिश की।'

 

 

कियान के साथ ही उसके दोस्त सेंग हॉक को भी सजा सुनाई गई है। सेंग हॉक मलेशियाई नागरिक है। कियान की मदद करने के इल्जाम में कोर्ट ने सेंग हॉक को 4 साल और 11 महीने की जेल की सजा सुनाई है।