बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए की आंधी देखने को मिल रही है। गठबंधन के सभी दलों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। सीट शेयरिंग में जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान अवाम मोर्चा को जब छह सीटें मिली तो उनकी नाराजगी का दावा किया गया। हालांकि बाद में उन्होंने अपना बयान जारी करके सभी कयासबाजी पर रोक लगा दी।
चुनावी प्रदर्शन से साफ दिख रहा है कि एनडीए ने सीटों का बंटवारा बेहतरीन तरीके से किया। सहयोगी दलों को उन्हीं सीटों पर उतारा गया, जहां उनकी पकड़ मजबूत थी। इसका सबसे बड़ा उदाहण जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (सेक्युलर) है। उसे छह सीटें मिलीं। इनमें पांच पर उसके प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।
जीतन राम मांझी ने इमामगंज विधानसभा सीट पर अपनी बहू दीपा मांझी, बाराचट्टी से अपनी समधन ज्योति देवी और सिकंदरा से दामाद प्रफुल्ल कुमार मांझी को उतारा है। यह सभी अपनी-अपनी सीटों पर आगे चल रहे हैं। अतरी सीट से मौजूदा विधायक अनिल कुमार के भतीजे रोमित कुमार आगे चल रहे हैं। सिर्फ टिकरी सीट से हम प्रत्याशी अनिल कुमार 3203 वोट से पीछे हैं। हालांकि यहां अभी आठ राउंड की मतगणना बाकी है।
यह भी पढ़ें: बिहार में बाहुबलियों की सीटों का हाल क्या है, कौन जीत रहा?
कुटुंबा विधानसभा: हिंदुस्तान अवाम मोर्चा (सेक्युलर) के ललन राम 12643 मतों से आगे हैं। अभी तक 17 राउंड की मतगणना हो चुकी है। सिर्फ 8 राउंड की काउंटिंग बाकी है। 44033 मतों के साथ कांग्रेस के राजेश कुमार दूसरे स्थान पर हैं। जन सुराज के श्यामबली राम 52505 मतों से पीछे हैं। कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इमामगंज विधानसभा: जीतनराम मांझी की पार्टी हम ने यहां से महिला प्रत्याशी दीपा कुमारी को उतारा। उन्होंने आरजेडी प्रत्याशी रितु प्रिया चौधरी के खिलाफ 26137 मतों से बढ़त बना रखी है। सिर्फ एक राउंड की मतगणना बाकी है। जन सुराज के अजीत कुमार 92717 मतों से पीछे हैं।
बाराचट्टी विधानसभा: हम की ज्योति देवी 9896 वोट से आगे चल रही हैं। 78584 मतों के साथ आरजेडी की तनुश्री कुमारी दूसरे स्थान पर हैं। जनसुराज के हेमंत कुमार तीसरे स्थान पर हैं, लेकिन उन्हें 3201 वोट मिले हैं। हालांकि अभी 5 राउंड की मतगणना बाकी है।
यह भी पढ़ें: न 'M-Y' काम आया, न सरकारी नौकरियों का वादा, कहां चूक गए तेजस्वी यादव?
अतरी विधानसभा: अतरी विधानसभा सीट पर 26 में से 22 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। हम प्रत्याशी रोमित कुमार ने 19354 मतों से बढ़त बना रखी है। आरजेडी की बैजयंती देवी दूसरे स्थान पर हैं। जन सुराज के शैलेंद्र कुमार 85002 मतों से पीछे हैं।
सिकंदरा विधानसभा: यहां से हम प्रत्याशी प्रफुल्ल कुमार मांझी ने 19 राउंड की मतगणना के बाद 16742 मतों से बढ़त बना रखी है। आरजेडी के उदय नारायण चौधरी को अभी तक 46080 वोट मिले हैं। जन सुराज प्रत्याशी सुभाष चंद्र बोस करीब 53889 वोट से पीछे हैं।