logo

ट्रेंडिंग:

बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में बड़ा धमाका, 10 की मौत, 32 घायल

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में बड़ा धमाका हुआ है। इस धमाके में अब तक 10 लोगों की मौत और 32 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

Blast

क्वेटा में धमाका, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

पाकिस्तान से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पाकिस्तान के बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में बड़ा धमाका हुआ है। बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में पैरामिलिट्री फोर्स फ्रंटियर कॉर्प (FC) के हेडक्वार्टर के पास एक कार में बड़ा धमाका हुआ, जिसे किसी आत्मघाती हमलावर ने अंजाम दिया है। बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री ने इस भीषण धमाके में 10 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने 32 लोगों के घायल होने की जानकारी भी दी है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। 

 

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे हुए इस धमाके ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया। क्वेटा के एसएसपी स्पेशल ऑपरेशन्स मुहम्मद बलूच के अनुसार, 'विस्फोट उस समय हुआ जब विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी फ्रंटियर कांस्टेबुलरी के मुख्यालय के पास मॉडल टाउन से हाली रोड की ओर मुड़ रहा था।' इस हादसे की भयावह तस्वीरें और वीडियो भी कैमरे में कैद हो गई हैं, जिन तस्वीरों को देखकर तबाही का अंदाजा लगाया जा सकता है। सरकार की तरफ से अभी सिर्फ मरने वालों की संख्या बताई गई है, इनमें कितने जवान और कितने आम नागरिक थे, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिली है। 

 

यह भी पढ़ें-- इजरायल-हमास में होगा सीजफायर? क्या है ट्रंप का 20 पॉइंट का पीस प्लान

अस्पतालों में इमरजेंसी लागू

इस भयंकर हादसे के बाद बलूचिस्तान सरकार के स्वास्थय मंत्रालय ने इमरजेंसी लागू कर दी है। स्वास्थ्य सचिव मुजीबुर रहमान ने कहा, 'क्वेटा सिविल अस्पताल, बलूचिस्तान मेडिकल कॉलेज , अस्पताल क्वेटा और ट्रॉमा सेंटर में आपातकाल घोषित कर दिया गया है।' सरकार ने सभी स्टाफ और डॉक्टरों को ड्यूटी पर तैनात रहने की अपील की है। 

क्या बोले स्थानीय लोग?

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह विस्फोट एक कार के जरिए किया गया। लोगों ने बताया कि अचानक से एक कार में धमाका हुआ और वह आग का गोला बन गई। विस्फोट का धमाका इतना भीषण था कि इसकी आवाज मीलों दूर तक सुनाई दी। आसपास की इमारतों की खिड़कियों में लगे शीशे तक धमाके के कारण टूट गए। इस धमाके के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया है और इलाके की घेराबंदी कर ली है।

क्या बोली सरकार?

इस घटना की निंदा करते हुए बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती ने इसे आतंकवादी हमला बताया। बलूचिस्तान सरकार के आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक पोस्ट कर लिखा, 'इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने तुरंत और कड़ी प्रतिक्रिया दी है। सुरक्षा बलों ने चार आतंकवादियों को मार गिराया है।'

 

यह भी पढ़ें-- अमेरिका के सताए देश ही बनेंगे ट्रंप के लिए काल? जान लीजिए कैसे?

 

 

पोस्ट में आगे लिखा है कि आतंकवादी इस तरह के कायराना हमलों से हमारे राष्ट्र को कमजोर नहीं कर सकते। जनता और सुरक्षा बलों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। पोस्ट में मुख्यमंत्री मीर सरफराज बुगती के हवाले से लिखा, 'मैं शहीदों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।'

क्वेटा में पहले भी हुआ था धमाका

बलूचिस्तान में इस तरह का यह कोई पहला हमला नहीं है। इसी महीने 4 सितंबर को भी क्वेटा में एक राजनीतिक रैली के दौरान बम धमाका हुआ था, जिसमें 15 लोगों की मौत हो गई थी और 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बलूचिस्तान लगभग 2 दशकों से अशांति का सामना कर रहा है। स्थानीय बलूचों का आरोप है कि पाकिस्तानी सरकार राज्य की खनिज संपदा के लिए उन पर अत्याचार कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए कई घातक हमले भी किए हैं। इसके अलावा अलग देश की मांग को लेकर भी बलूचिस्तान में विरोध प्रदर्शन होते रहते हैं। 


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap