उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में 40 साल की एक महिला अपने चार बच्चों और पति को छोड़कर इंस्टाग्राम पर बने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी। खुद से 12 साल छोटे प्रेमी के साथ गई इस महिला का पता चला तो उसे समझाने-बुझाने की कोशिश हुई। बात नहीं बनी तो पुलिस को बुलाया गया और आखिर में बच्चों की अपील पर मां अपने घर लौटने को तैयार हो गई। अब यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। बताया गया है कि सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह दोस्ती इस कदर गहरी हो गई कि महिला ने अपने परिवार की जिम्मेदारी को पीछे छोड़ दिया था और प्रेमी के साथ नई जिंदगी शुरू करने का फैसला कर लिया था।
कैंपियरगंज के एक गांव की रहने वाली इस महिला की मुलाकात इंस्टाग्राम पर मनीराम इलाके के रहने वाले एक 28 साल के युवक से हुई थी। दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ जो धीरे-धीरे प्रेम में बदल गया। महिला इस युवक के साथ रहने की जिद पर अड़ गई और करीब 10 दिन पहले बिना किसी को बताए घर से गायब हो गई। महिला के अचानक लापता होने के बाद उसके पति और परिजन ने उसकी काफी तलाश की।
यह भी पढ़ें: देहरादून में सड़क पर चली गोली, रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी की मौत
पीपीगंज में मिली महिला
काफी खोजबीन के बाद परिवार को जानकारी मिली कि महिला पीपीगंज इलाके में एक किराए के मकान में अपने प्रेमी के साथ रह रही है। इसके तुरंत बाद शनिवार को महिला का पति, उसके चारों बच्चे और अन्य करीबी रिश्तेदार उसके यहां पहुंचे। वहां महिला को प्रेमी के साथ देख परिजनों ने उसे समझाने की कोशिश की और वापस घर चलने की मिन्नतें कीं। बच्चों ने अपनी मां से रोते हुए साथ चलने को कहा लेकिन शुरुआत में महिला अपनी जिद पर अड़ी रही और प्रेमी के साथ रहने की बात कहती रही।
पुलिस थाने में काउंसलिंग
हंगामा बढ़ता देख मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद पीपीगंज पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच करीब दो घंटे तक बातचीत और काउंसलिंग हुई। पुलिस और परिवार के सदस्यों ने महिला को उसके बच्चों के भविष्य और सामाजिक जिम्मेदारी का हवाला देते हुए काफी समझाया।
यह भी पढ़ें: हजारों फीट ऊपर उड़ती फ्लाइट में इमरजेंसी गेट खोलने लगा शख्स, कहा- भूत का साया है
बच्चों की अपील पर घर वापसी
थाने में बच्चों के बार-बार कहने और उनके रोने ने आखिरकार मां का दिल पिघला दिया। लंबी बातचीत के बाद महिला ने अपनी गलती मान ली। महिला ने अपने 28 साल के प्रेमी का साथ छोड़ दिया और वापस अपने पति और चारों बच्चों के साथ जाने के लिए तैयार हो गई। पुलिस ने जरूरी कार्यवाही पूरी करने के बाद महिला को उसके परिवार के साथ सुरक्षित घर भेज दिया।