विदर्भ के अमन मोखाड़े ने इतिहास रच दिया है। मोखाड़े ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने के मामले में वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
अमन मोखाड़े ने 15 जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 122 गेंद में 138 रन की मैच जिताऊ पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।
24 साल के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज अमन मोखाड़े ने 16 पारियों में 1000 लिस्ट-ए रन के आंकड़े को पार कर रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है।
साउथ अफ्रीकी दिग्गज ग्रीम पोलॉक ने 16 पारियों में 1000 लिस्ट-ए रन का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उनका यह रिकॉर्ड दशकों तक अछूता रहा। अब मोखाड़े उनके बराबर खड़े हो गए हैं।
मोखाड़े ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने के साथ ही देवदत्त पडिक्कल और अभिनव मुकुंद को पीछे छोड़ भारतीय रिकॉर्ड अपने नाम किया।
कर्नाटक के देवदत्त पडिक्कल और तमिलनाडु के पूर्व ओपनर अभिनव मुकुंद ने 17-17 पारियों में 1000 लिस्ट-ए रन पूरे किए थे।
पडिक्कल मौजूदा विजय हजारे ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में लंबे समय से टॉप पर थे। मोखाड़े ने सेमीफाइनल में शतक ठोक उन्हें पछाड़ दिया है। मोखाड़े के नाम 9 पारियों में 781 रन हो गए हैं।
मोखाड़े इस विजय हजारे ट्रॉफी सीजन में 5 शतक लगा चुके हैं।अगर 18 जनवरी को खिताबी मुकाबले में उनके बल्ले से सेंचुरी निकलता है तो वह इस टूर्नामेंट के एक एडिशन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।