बिहार में दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज वोट डाले जा रहे हैं। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग हो रही है। इसमें 1,302 कैंडिडेट मैदान में हैं। वोटिंग का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है। हालांकि, कुछ-कुछ जगहों पर सुरक्षा कारणों के चलते वोटिंग पहले खत्म हो जाएगी। इस चरण में नीतीश सरकार के आधे दर्जन मंत्रियों की किस्मत का फैसला भी होना है।


एनडीए और विपक्षी इंडिया ब्लॉक, दोनों के लिए ही यह चरण इसलिए अहम है, क्योंकि जिन सीटों पर वोटिंग हो रही है, वहां जातिगत समीकरण काफी जटिल हैं। इतना ही नहीं, जिन जिलों में वोट पड़ रहे हैं, उनमें से ज्यादातर सीमांचल में आते हैं, जहां मुस्लिम आबादी ज्यादा है।

  • कहां-कहां होगी वोटिंग: 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग हो रही है। ये सीटें सीमांचल, तिरहुत, मगध, शाहबाद, कोसी और मिथिलांचल में आती हैं।
  • किन जिलों में वोटिंग: पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के अलावा मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, जमुई, नवादा, रोहताश और कैमूर में वोटिंग होगी।
  • वोटिंग का समय क्या:  सुबह 7 से शाम 6 बजे तक। हालांकि, सुरक्षा कारणों के चलते 7 सीटों- चैनपुर, गोविंदपुर, राजौली, जमुई, सिकंदरा, चकाई और झाझा में 5 बजे तक वोटिंग होगी। गया, औरंगाबाद, बांका और रोहताश के 1,202 पोलिंग बूथ पर भी 5 बजे तक ही वोट डाले जाएंगे।
  • कितने उम्मीदवार मैदान में: दूसरे चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1,165 पुरुष और 136 महिलाएं हैं। एक ट्रांसजेंडर उम्मीदवार भी है। ज्यादातर सीटों पर एनडीए और महागठबंधन में ही मुकाबला है।
  • कितने वोटर्स डालेंगे वोट: दूसरे चरण में कुल 3.70 करोड़ वोटर्स हैं, जिनमें 1.74 करोड़ महिलाएं हैं। 2.28 करोड़ वोटर्स की उम्र 30 से 60 साल है। सिर्फ 7.69 लाख वोटर्स ही 18 से 19 साल के हैं। वोटिंग के लिए 45,399 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं।

बिहार चुनाव से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानें:-

 

Live Updates

November 11, 11:45

11 बजे तक कितनी वोटिंग?

दूसरे चरण में रफ्तार के साथ वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दूसरे चरण में 11 बजे तक 31.38% वोटिंग हो चुकी है।

November 11, 11:45

ई-रिक्शा से वोट डालने पहुंचे राजेश कुमार

बिहार कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार कुटुंबा सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। कुटुंबा सीट पर भी दूसरे चरण में ही वोट डाले जा रहे हैं। राजेश कुमार अपने परिवार के साथ वोट डालने के लिए ई-रिक्शा से पोलिंग बूथ पहुंचे। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, 'देश की अर्थव्यवस्था डीजल-पेट्रोल पर निर्भर है। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था चरमरा रही है। हर कोई आवागमन के लिए वाहनों का इस्तेमाल करता है। लेकिन ई-रिक्शा जैसे छोटे परिवहन साधनों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इससे प्रदूषण पर भी लगाम लगेगी।'

 

November 11, 11:09

नवादा में पोलिंग बूथ के पास झड़प

नवादा के वारीसलीगंज इलाके में बने पोलिंग बूथ से कुछ दूर ही राजनीतिक पार्टियों के कार्यकर्ताओं की झड़प हो गई है। नवादा के एसपी अभिनव धीमान ने बताया कि पोलिंग बूथ से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर कई पार्टियों के समर्थक में छुटपुट झड़प हुई है। उन्होंने कहा कि स्थिति पर काबू पा लिया गया है।

 

November 11, 10:12

9 बजे कितनी वोटिंग?

चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दूसरे चरण में सुबह 9 बजे तक 14.55% वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा 15.97% वोटिंग गया जिले में हुई है। इसके बाद 15.81% वोटिंग किशनगंज और 15.77% जमुई में हुई है।

 

November 11, 08:45

पप्पू यादव ने डाला वोट

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने वोट डाल दिया है। वोट डालने के बाद पप्पू यादव ने कहा, जब ​​लोगों के अधिकारों का हनन होता है और नफरत व विनाश की राजनीति होती है, तो मुझे बहुत दुख होता है। मैं भ्रष्टाचार मुक्त भारत चाहता हूं।

 

November 11, 08:29

नीतीश बोले- पहले मतदान, फिर जलपान

दूसरे चरण की वोटिंग हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी लोगों से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पहले मतदान, फिर जलपान।

 

November 11, 07:04

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी मैदान में

दूसरे चरण में औरंगाबाद जिले की कुटुंबा सीट पर भी वोटिंग हो रही है। यहां से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार मैदान में हैं। राजेश कुमार 2015 से यहां से विधायक हैं और तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। 2020 के चुनाव में राजेश कुमार ने 16,653 वोटों से जीत हासिल की थी।

November 11, 06:56

किन-किन सीटों पर होगी वोटिंग?

दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर वोटिंग हो रही है। यहां देखिए लिस्ट:-

November 11, 06:56

नीतीश के कितने मंत्री मैदान में?

दूसरे चरण में नीतीश सरकार के आधा दर्जन से ज्यादा मंत्री मैदान में हैं। नीतीश सरकार में मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव सुपौल से, प्रेम कुमार गया से, रेणु देवी बेतिया से, नीरज कुमार सिंह बबलू छातापुर से, लेशी सिंह धमदाहा, शीला मंडल फुलपरास से और जमा खान चैनपुर से हैं।

November 11, 06:56

एनडीए के छोटे पार्टनर का इम्तिहान

दूसरे चरण में जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा (HAM) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) की किस्मत का फैसला भी होना है। एनडीए में इन दोनों पार्टियों को 6-6 सीटें मिली हैं। HAM को मिली सभी 6 सीटों पर दूसरे चरण में वोटिंग हो रही है। इनमें से 4 पर अभी HAM का ही कब्जा है। वहीं, RLM को जो 6 सीटें मिली थीं, उनमें से 4 पर इस चरण में वोट डाले जा रहे हैं।

November 11, 06:56

किस गठबंधन से कितने उम्मीदवार?

एनडीए से बीजेपी के सबसे ज्यादा 53 उम्मीदवार दूसरे चरण में मैदान में हैं। जेडीयू के 44, एलजेपी (आर) के 15, HAM के 6 और RLM के 4 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, महागठबंधन से आरजेडी 71 और कांग्रेस 37 सीटों पर लड़ रही है। मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी 8, CPI-ML 6, सीपीआई 4 और सीपीएम 1 सीट पर मैदान में हैं।

November 11, 06:52

पहले चरण में 65% से ज्यादा वोटिंग

बिहार की 243 सीटों के लिए दो चरणों में चुनाव हो रहा है। पहले चरण में 121 सीटों के लिए 6 नवंबर को वोटिंग हुई थी। पहले चरण में 65 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुई थी। यह बिहार के इतिहास में सबसे ज्यादा है।