भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दो बड़े मौसमी सिस्टम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनकी वजह से अंडमान-निकोबार, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

 

मलक्का जलडमरूमध्य में बना चक्रवात 'सेन्यार' बुधवार सुबह इंडोनेशिया के उत्तर-पूर्वी तट से टकरा गया। इस समय हवा की रफ्तार 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा थी, जो कभी-कभी तेज़ झोंकों के रूप में 90 किमी/घंटा तक भी पहुंच रही थी। फिलहाल यह चक्रवात इंडोनेशिया के कुटा मकमुर से लगभग 80 किमी पूर्व में है।

 

यह भी पढ़ेंः पहले लड़की को मारा, फिर अपना सिर मुंडवा लिया, जलन में हुए मर्डर की कहानी

बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र

यह निकोबार द्वीप समूह से लगभग 580 से 730 किमी दूर और मलेशिया के जॉर्ज टाउन से 280 किमी पश्चिम में स्थित है। चक्रवात आज (गुरुवार) सुबह तक पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम दिशा में चलता रहेगा और अपनी मजबूती को बनाए रखेगा। इसके बाद यह दिशा बदलकर पूर्व की ओर मुड़ेगा और धीरे-धीरे कमजोर पड़ने लगेगा। बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है।

 

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण-पूर्व श्रीलंका और इक्वेटोरियल हिंद महासागर के ऊपर एक मजबूत कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों में उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा और डिप्रेशन (गहरे अवदाब) में बदल जाएगा। इसके बाद अगले 48 घंटों में यह और मजबूत होकर उत्तर तमिलनाडु और पुडुचेरी तट की ओर बढ़ेगा।

बारिश और तेज हवा की चेतावनी

निकोबार और अंडमान द्वीपों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई जा रही है। मलक्का जलडमरूमध्य, दक्षिण अंडमान सागर, निकोबार द्वीपों के आसपास, इंडोनेशिया और थाईलैंड में अभी 70-90 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल रही हैं। गुरुवार सुबह तक हवाएं 50-70 किमी/घंटा और शुक्रवार सुबह से 40-60 किमी/घंटा तक रहेंगी। उसके बाद धीरे-धीरे कम होंगी।

 

यह भी पढ़ें:  राबड़ी देवी और तेज प्रताप को क्यों खाली करना पड़ेगा बंगला? भेजा गया नोटिस

 

मौसम विभाग ने सभी संबंधित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने और जरूरी इंतजाम करने की सलाह दी है। मछुआरों को अगले कुछ दिन समुद्र में नहीं जाने की चेतावनी दी गई है।