श्रीलंका क्रिकेट टीम इन दिनों पाकिस्तान दौरे पर है। इस दौरे के दौरान पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने श्रीलंका के खिलाड़ियों को अपने घर पर डिनर पार्टी में इनवाइट किया था। इस डिनर के बाद श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका और तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो अचानक बीमार पड़ गए। उन्हें पेट दर्द, उल्टी और दस्त जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। दोनों की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ तो दोनों इस दौरे से बाहर हो गए हैं और अब श्रीलंका लौट गए हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर जानकारी दी है कि वे दोनों खिलाड़ी 18 नवंबर से शुरू होने वाली ट्राई सीरीज में हिस्सा नहीं लेंगे। 

 

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने बयान जारी कर कहा कि चरिथ असलंका और असिथा फर्नांडो को स्वदेश लौटकर पूरी तरह इलाज दिया जाएगा ताकि वे आने वाले टूर्नामेंट्स के लिए फिट रह सकें। पाकिस्तान में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए अब श्रीलंका की टीम में बदलाव कर दिया गया है। बोर्ड ने असलंका की जगह दसुन शनाका को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया है और फर्नांडो की जगह पवन रत्नायके को इस दौरे के लिए टीम में शामिल कर लिया है। 

 

यह भी पढ़ें: IPL 2026 Auction: कम पर्स वाली टीमें ऑक्शन में किन खिलाड़ियों को टारगेट करेंगी?

 

शुरू से विवादों में रही सीरीज

श्रीलंका का यह पाकिस्तान दौरा शुरू से ही सुर्खियों में रहा है। सुर्खियों में रहने की वजह खेल नहीं बल्कि सीरीज को लेकर लगातार हो रहे विवाद हैं। यह दौरा पहले दिन से तनाव और विवादों से घिरा हुआ है। सबसे पहले 12 नवंबर को इस्लामाबाद में हुए एक बड़े आत्मघाती हमले के बाद श्रीलंकाई टीम के कई खिलाड़ियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए थे। 13 नवंबर को पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा था कि हमले के बाद जब श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने खेलने से मना किया तो फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने श्रीलंका के अधिकारियों से बात की और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया। उनके सुरक्षा आश्वासन के बाद ही श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड देर रात सीरीज खेलने के लिए राजी हुआ।

 

 

खिलाड़ियों ने खेलने से किया था मना

12 नवंबर के हमले के बाद श्रीलंकाई टीम के 8 खिलाड़ियों ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 8 खिलाड़ियों ने पाकिस्तान में सीरीज खेलने से इनकार किया और इसके बाद कुछ खिलाड़ियों के वापिस श्रीलंका लौटने का दावा भी मीडिया रिपोर्ट्स में किया गया। इस विवाद में श्रीलंका बोर्ड ने कहा था कि जो खिलाड़ी लौटना चाहते हैं वे लौट सकते हैं। बोर्ड उनकी जगह नए खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेज देगा। 

 

यह भी पढ़ें: आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी में फिर मचाया तहलका, टीम इंडिया में मिलेगा मौका?

शाहीन अफरीदी ने क्या कहा?

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस घटना के बाद शाहीन अफरीदी ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, 'मैं श्रीलंका टीम के खिलाड़ियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन क्रिकेट परिवार एक है।'

 

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने श्रीलंका, जिम्बाब्वे और पाकिस्तान के बीच होने वाली इस टी-20 ट्राई सीरीज के शेड्यूल में बदलाव किया है। पुराने शेड्यूल के अनुसार,   13 नवंबर गुरुवार को श्रीलंका और जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली टी20 ट्राई-सीरीज के शेड्यूल में बदलाव किया था। पहले यह सीरीज आज 17 नवंबर से शुरू होनी थी। अब नए शेड्यूल के मुताबिक अब यह  सीरीज कल यानी 18 नवंबर से शुरू होगी और इसका दूसरा मैच 20 नवंबर को खेला जाएगा।