आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ऑस्ट्रेलिया फरार हो गए हैं। उन पर शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पुलिस बीते दो महीने से उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए हैं। अब यह खबर सामने आई है कि वह ऑस्ट्रेलिया चले गए हैं। पंजाब में उनके खिलाफ बलात्कार का मुकदमा चल रहा है।
हरमीत सिंह पठानमाजरा पर लगे आरोपों की वजह से भगवंत मान सरकार की किरकिरी हो रही है। हरमीत सिंह की उम्र 50 साल है। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के एक पंजाबी वेब पोर्टल को दिए गए साक्षात्कार में कबूल किया है कि वह ऑस्ट्रेलिया में हैं। वह सनौर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
यह भी पढ़ें: पंजाब में AAP MLA हरमीत सिंह पुलिस हिरासत से फरार, पुलिस पर की फायरिंग
कब भारत लौटेंगे हरमीत सिंह पठानमाजरा?
हरमीत सिंह पठानमाजरा ने कहा है कि वह कोर्ट से राहत मिलने के बाद ही भारत लौटेंगे। अभी वह किसी पार्टी से संपर्क में नहीं हैं। उनका कहना है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के साथ उनकी बातचीत नहीं हो रही है।
हरमीत सिंह, AAP विधायक, सनौर:-
मैं ऑस्ट्रेलिया में हूं। जमानत मिलने के बाद ही मैं अपनी विधानसभा में लौट पाऊंगा। फिलहाल, मैं किसी भी राजनीतिक दल के संपर्क में नहीं हूं। मेरे खिलाफ लगा रेप का आरोप झूठा है। यह बाढ़ प्रबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ मतभेद का नतीजा है।
भगवंत मान सरकार की हो रही किरकिरी
विधायक के भागने के बाद पंजाब पुलिस और राज्य सरकार की किरकिरी हो रही है। हरमीत सिंह ने दावा किया है कि वह ऑस्ट्रेलिया में हैं। वह बार-बार दोहरा रहे हैं कि कोर्ट से राहत मिलने के बाद ही वह भारत लौट सकेंगे। उन्होंने किसी भी पार्टी के साथ राजनीतिक संपर्क से इनकार कर दिया है।
यह भी पढ़ें: भगवंत मान के जूतों की रखवाली के लिए तैनात हुए कांस्टेबल, विपक्ष ने उठाए सवाल
रेप के केस पर क्या कह रहे हैं हरमीत सिंह?
हरमीत सिंह ने कहा है कि वह पंजाब में आए विनाशकारी बाढ़ के बाद सरकार के रुख से खुश नहीं थे। उन्होंने दिल्ली के शीर्ष नेतृत्व के साथ अनबन का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा है कि इसी तनाव के चलते उन पर झूठा रेप का केस कराया गया है।
पटियाला पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर
पटियाला पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है। पुलिस का कहना है कि वह शायद पड़ोसी देश होते हुए ऑस्ट्रेलिया गए। अब उन्हें भगोड़ा अपराधी घोषित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
लुकआउट सर्कुलर क्या है?
लुकआउट सर्कुलर का मकसद, किसी व्यक्ति के देश से बाहर निकलने या देश में आने से रोकने जुड़ा है। अगर कोई व्यक्ति किसी आपराधिक जांच, मुकदमा या वित्तीय धोखाधड़ी के आरोपों का सामना कर रहा है तो उसे विदेश भागने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी किया जा सकता है। इसे इंटरपोल रेड नोटिस के साथ भी जोड़ा जा सकता है।
क्या कर रही है पुलिस?
पटियाला कोर्ट ने भी हरमीत सिंह के खिलाफ भगोड़ा घोषित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोर्ट ने उनके घर के बाहर नोटिस चिपकाया है। नोटिस में कहा गया है कि अगर वह 12 नवंबर तक कोर्ट में हाजिर नहीं होते हैं तो कड़े कदम उठाए जा सकते हैं।
केस की टाइमलाइन पर एक नजर
1 सितंबर को जीरकपुर की एक महिला ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत की। महिला ने आरोप लगाया कि उसका रेप किया गया, धोखा दिया गया और जब इंसाफ मांगा गया तो धमकी दी गई। महिला ने कहा है शादी का झांसा देकर यौन उत्पीड़न किया गया है। पंजाब पुलिस ने IPC की धारा 376 (रेप), 420 (धोखा) और 506 (धमकी) लगाई है। 2 सितंबर को पुलिस उनके रिश्तेदार गुरनाम सिंह लड्डी के घर पहुंची थी। गुरनाम सिंह हरियाणा के करनामल में रहते हैं। वहां से विधायक भागने में कामयाब हो गए थे। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए गैंगस्टर टास्क फोर्स भी लगाई है, वह पकड़ से बाहर हैं।
