राजस्थान के कोटा शहर में बड़ा हादसा हो गया है। जवाहर नगर इलाके में एक तीन मंजिला इमारत अचानक गिर गई। अधिकारियों के अनुसार, 7 लोगों के घायल होने और करीब 20 लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है। इनमें छात्र भी शामिल हैं। दो लोगों को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया है। उन्हें तुरंत कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह इमारत काफी व्यस्त इलाके में थी और इसमें रेस्टोरेंट चल रहे थे। इसलिए संदेह है कि हादसे के समय काफी लोग अंदर रहे होंगे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने पूरे इलाके को घेर लिया ताकि भीड़ न लगे और बचाव काम आसानी से हो सके।
यह भी पढ़ेंः ऊपर पहुंचते ही नीचे गिर पड़ा झूला, इंस्पेक्टर की मौत, 13 घायल, हालत गंभीर
बचाव कार्य जारी है
एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमें भी जल्दी वहां पहुंच गईं। अभी बचाव कार्य जोर-शोर से चल रहा है। टीमें सावधानी से मलबा हटा रही हैं ताकि फंसे लोगों को निकाला जा सके। भारी मशीनों का इस्तेमाल हो रहा है, लेकिन सावधानी बरती जा रही है कि किसी को और चोट न लगे।
स्पष्ट कारण पता नहीं
इमारत क्यों गिरी, इसका कारण अभी पता नहीं चला है। बचाव कार्य पूरा होने के बाद जांच की जाएगी। लोगों से प्रशासन ने अनुरोध किया है कि वे इस इलाके से दूर रहें ताकि रेस्क्यू का काम बेहतर ढंग से किया जा सके।
ओम बिरला ने दिए निर्देश
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और मदद का भरोसा दिया। बिरला ने जिला कलेक्टर और शहर के एसपी से बात की। उन्होंने निर्देश दिए कि बचाव कार्य तेज किया जाए और घायलों को बेहतर इलाज मिले।
यह भी पढ़ेंः बिहार में डूबने से हो रहीं सबसे ज्यादा मौतें, डराते हैं आंकड़े
उन्होंने सभी एजेंसियों से अच्छे तालमेल के साथ काम करने को कहा है। उनके विशेष अधिकारी राजीव दत्ता मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
