चंडीगढ़ अपनी साफ सड़कों, गली-मोहल्लों और जीवनशैली के लिए पूरे देश में विख्यात है। शहर में साफ-सफाई भी काफी देखने को मिलती है। ऐसे में अगर शहर में रहने वाला कोई नागरिक शहर गंदा करता है तो उसे अब संभलने की जरूरत है। दरअसल, चंडीगढ़ में सोमवार को सड़क पर कूडा फेंकने वालों के घर नगर निगम कर्मचारी ढोल लेकर पहुंच गए निगम से यह कदम उन लोगों को शर्मिंदा करने के लिए उठाया, जो कूड़ा सड़कों पर डाल देते हैं।

 

इस अभियान में नगर निगम के कर्माचारियों ने ऐसे लोगों को शर्मिंदा करने के लिए उन्हें घर से बाहर बुलाकर उनसे पूछताछ भी की। साथ ही उन सभी के ऊपर 13,401 रुपए जुर्माना भी लगाया गया। इसके साथ निगम में उन्हें कचरा लौटाया। निगम ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड भी कर दिया, जिससे कि उन्हें भविष्य में सबक मिले।

 

यह भी पढ़ें: 'गृह मंत्री शाह का PA बोल रहा हूं..', सांसद से ठगी की कोशिश में दो ठग भाई दबोचे

डिप्टी मेयर ने जताया विरोध 

चंडीगढ़ नगर निगम ने अपनी तरफ से इस तरह की कार्रवाई करते हुए मनीमाजरा के वार्ड-5 (मोरी गेट) और वार्ड-6 (गोविंदपुरा) में ढोल बजवाए। निगम की इस कार्रवाई का डिप्टी मेयर ने विरोध जताया है। डिप्टी मेयर जसबीर सिंह बंटी का कहना है कि इस तरह से किसी को जलील करना ठीक नहीं है। यह फैसला गलत है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम भी चाहते हैं कि शहर सुंदर दिखे और सड़कों पर कूड़ा नहीं होना चाहिए। मगर, इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को जलील किया जाए।

 

यह भी पढ़ें: कौन है काशीनाथ चौधरी? जिसको पहले BJP ने शामिल कराया फिर पार्टी से किया बाहर

लोगों को जागरूक करे निगम

उन्होंने कहा कि कूड़ा फेंकने वालों के घर जाकर नगर निगम के कर्मचारी उन्हें जागरूक कर सकते हैं। बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम ने पिछले दिनों ऐलान किया था कि कूड़ा फेंकने का वीडियो सबूत के तौर पर रखा जाएगा, जिसे बाद में नगर निगम के कर्मचारी वही कूड़ा घर ले आएंगे। उसी समय निगम ने कहा था कि ऐसा करने वालों के साथ बैंड बाजे के साथ उनके घर का वीडियो बनेगा और बाद में इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया जाएगा।

 

इसमें कहा गया था, 'कूड़ा फेंक रहे हो? मुस्कुराओ... तुम कैमरे पर हो' के स्लोगन से गाना बजाया जाएगा। वहीं, नगर निगम ने एक शिकायत नंबर जारी किया है। इसमें कहा गया है कि अगर कोई कूड़ा फेंकते हुए दिखता है, तो उसका वीडियो या फोटो खींचकर शिकायत संबंधी जारी वॉट्सएप नंबर 9915762917 पर भेजें। इसके अलावा नगर निगम के आईएम चंडीगढ़ एप पर इसे अपलोड भी किया जा सकता है।