संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होगा और 4 अप्रैल तक चलेगा। सत्र शुरू होने से पहले राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू संसद के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी। बजट सत्र के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 2025-26 का आम बजट पेश करेंगी।

दो हिस्सों में होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र दो हिस्सों में होगा। सत्र का पहला हिस्सा 31 जनवरी से 13 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान 9 बैठकें होंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आम बजट पेश करेंगी। इससे पहले आर्थिक सर्वे पेश किया जाएगा। इसके बाद दूसरा हिस्सा 10 मार्च से 4 अप्रैल तक होगा। पूरे बजट सत्र में कुल 27 बैठकें होंगी।

 

31 जनवरी को राष्ट्रपति का अभिभाषण

चूंकि ये साल का पहला संसद सत्र होगा, इसलिए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त अधिवेशन को संबोधित करेंगी। केंद्रीय संसदीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि राष्ट्रपति का अभिभाषण 31 जनवरी को 11 बजे शुरू होगा।

 

ये भी पढ़ें-- टैक्स फाइलिंग के नियमों को किया जा सकता है आसान, हो सकते हैं ये बदलाव

लगातार 8वीं बार बजट पेश करेंगी निर्मला सीतारमण

लगातार सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नाम होगा। इस साल निर्मला सीतारमण लगातार 8वीं बार बजट पेश करेंगी। सबसे ज्यादा बार बजट पेश करने का रिकॉर्ड पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम है। उन्होंने 10 बार आम बजट पेश किया था। उनके बाद पी. चिदंबरम हैं, जिन्होंने 9 बार बजट पेश किया था। वहीं, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 8 बार बजट पेश किया था। हालांकि, लगातार 8वीं बार बजट पेश करने वाले का रिकॉर्ड निर्मला सीतारमण के नाम होगा। उन्होंने अपना पहला बजट 2019 में पेश किया था।