दिल्ली की 70 विधानसभा चुनावों के लिए अगले हफ्ते वोटिंग होनी है। इससे पहले सोमवार को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 15 गारंटियों का ऐलान किया। केजरीवाल ने यमुना की सफाई, दिल्ली की सड़कों और 24 घंटे पानी की सप्लाई का वादा पूरा न कर पाने पर माफी भी मांगी।
पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, 'दिल्ली की जनता से हमारा रिश्ता वादों का नहीं बल्कि गारंटी का है। ये 'केजरीवाल की गारंटी' हैं। जो कहा है, वो करके दिखाएंगे।'
क्या है केजरीवाल की 15 गारंटी?
- पहली गारंटी रोजगार की है।
- महिला सम्मान योजना के तहत हर महिला को 2,100 रुपये महीना।
- 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के मुफ्त इलाज के लिए संजीवनी योजना।
- 24 घंटे पानी की सप्लाई होगी। पुराने बिल माफ होंगे।
- यमुना नदी की सफाई होगी।
- दिल्ली की सड़कों को यूरोप जैसा बनाया जाएगा।
- विदेशों में दलित छात्रों की पढ़ाई के खर्च के लिए डॉ. आंबेडकर योजना शुरू होगी।
- दिल्ली के स्कूल-कॉलेज के छात्रों को बसों में फ्री यात्रा मिलेगी। मेट्रो में आधा किराया लगेगा।
- मंदिरों के पुजारियों और गुरुद्वारों की ग्रंथियों को हर महीने 18 हजार रुपये मिलेंगे।
- बिजली और पानी बिल जीरो किए जाएंगे। किरायेदारों को भी इससे फायदा होगा।
- दिल्ली में राशन कार्ड सेंटर खोले जाएंगे। गरीब यहां जाकर राशन कार्ड बनवा सकेंगे।
- ऑटो रिक्शा, टैक्सी और ई-रिक्शा चलाने वालों की बेटियों की शादी पर 1 लाख की मदद दी जाएगी। उनके बच्चों को फ्री कोचिंग मिलेगी। उनका 10 लाख रुपये का और परिजनों का 5 लाख रुपये का मेडिकल इंश्योरेंस होगा।
- कई जगह सीवर चोक हैं। सरकार बनने के 15 दिन के अंदर इन्हें ठीक किया जाएगा।
- कानून व्यवस्था सुधारने के लिए कई जगहों पर CCTV कैमरा लगवाए जाएंगे। साथ ही कई जगहों पर स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएगी।
- रेसिडेंट वेलफेयर एसोसिशन (RWA) सोसायटियों को प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड रखने के लिए फंड दिया जाएगा।
पिछली योजनाओं का क्या?
केजरीवाल ने साफ किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार की जो योजनाएं चल रही हैं, वो वैसी ही चलती रहेंगी। उन्होंने बताया कि फ्री बिजली, फ्री पानी, फ्री शिक्षा, बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्र, महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा और मोहल्ला क्लीनिक में मुफ्त इलाज की गारंटी जारी रहेगी।
दिल्ली में बढ़े वोटर्स
दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में 7.26 लाख और 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 3.10 लाख वोटर्स बढ़ गए हैं। 2020 के चुनाव के वक्त दिल्ली में 1.47 करोड़ वोटर्स थे। जबकि, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के समय दिल्ली में वोटर्स की संख्या 1.52 करोड़ से ज्यादा थी। 2025 के चुनाव में कुल 1.55 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष और 71.73 लाख महिलाएं हैं।
दिल्ली में क्या रहे थे पिछले नतीजे
दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 70 में से 60 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बना रही है। 2015 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीती थीं। दिल्ली के इतिहास में ये पहली बार था, जब किसी पार्टी ने इतनी सीटें जीती थीं। वहीं, 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटों पर जीत मिली थी। बीजेपी ने 8 सीटें जीती थीं। जबकि, कांग्रेस दो चुनाव से एक भी सीट नहीं जीत सकी है।
दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग
दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। 8 फरवरी को चुनाव नतीजे घोषित किए जाएंगे। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। बीजेपी ने 68 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि एक सीट जेडीयू और एक एलजेपी (रामविलास) के लिए छोड़ दी है।