दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक पार्टियां जमकर चुनावी वादे कर रही हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने चुनावी दांव खोल दिए हैं, वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) इस रेस में पीछे छूटती नजर आ रही है। अब भाजपा भी अहम दांव चलने जा रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली विधानसभा चुनावों की बिगुल फूंकने वाले हैं। दिल्ली की विकास परियोजनाएं एक बार फिर से चर्चा में हैं। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने तो कई वादे किए हैं, अब बीजेपी इस सिलसिले में अपना कदम उठा रही है।
जनता को क्या सौगात देंगे पीएम?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी माहौल में कई शहरी परियोजनाओं की सौगात देने वाले हैं। प्रधानमंत्री 1675 नए फ्लैट और विकास परियोजनाओं की सौगात दिल्ली को देने वाले हैं। प्रधानमंत्री कार्यालय ने इसके बारे में सूचना भी दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला रखेंगे। वह दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे।
पीएम नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (WTC) और सरोजिनी नगर में जनरल पूल रेजिडेंशियल एकोमोडेशन (GPRA) टाइप-II क्वार्टर की नींव रखेंगे। दिल्ली में बीजेपी के पोस्टर साफ बता रहे हैं कि साफ पानी, सस्ती बिजली, फ्री राशन, आयुष्मान भारत योजना और यमुना की साफ-सफाई पर बीजेपी का जोर है। बीजेपी ने अपने पोस्टरों में यही कहा है कि इन मामलों पर अरविंद केजरीवाल नाकाम रहे हैं।
कांग्रेस का सियासी दांव क्या है?
कांग्रेस 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान' चला रही है। कांग्रेस 3 जनवरी को सभी ब्लॉक, जिलों और राज्यों में अपना 'जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान' शुरू करेगी। अभियान की अंत 26 जनवरी को मध्य प्रदेश के महू में एक सार्वजनिक रैली के साथ होगी।
दिल्ली के चुनावों में भी कांग्रेस की कैंपेनिंग संविधान, आरक्षण और जातीय जनगणना के इर्दगिर्द ही घूम रही है। ज्यादातर चुनावी पंडित कह रहे हैं यह चुनाव बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच है। कांग्रेस दिल्ली में कमजोर नजर आ रही है। कांग्रेस महालक्ष्मी और गृहलक्ष्मी जैसी योजनाओं को दिल्ली में भी शुरू करने का वादा कर सकती है। स्वास्थ्य बीमा, स्कॉलरशिप गारंटी, ऑटो रिक्शा-झुग्गीवालों को आर्थिक मदद और फ्री बिजली जैसे वादे कर सकती है।
AAP के चुनावी वादे क्या-क्या हैं?
आम आदमी पार्टी दिल्ली के चुनावी वादों की लिस्ट में बहुत आगे हैं। आम आदमी पार्टी ने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, मुख्यमंत्री महिला सम्मान योजना, मुफ्त पानी, संजीवनी योजना, बुजुर्गों के लिए पेंशन, ऑटो यूनियन के लिए बीमा, सहायता राशि और पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना देने का वादा किया है। कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी तीनों प्रमुख दलों की ओर से वादे किए गए हैं। कांग्रेस और बीजेपी अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP सरकार की कमियां गिनाई हैं। बीजेपी के पोस्टरों में AAP सरकार की कथित नाकामियों का जिक्र है। बीजेपी अपनी योजनाओं पर बात नहीं कर रही है, AAP ने क्या-क्या नहीं किया है, इसे बता रही है।