दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल मुश्किल में फंसते दिख रहे हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने अब अरविंद केजरीवाल को ही नोटिस भेज दिया है। इससे पहले अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाए थे कि उनके कुछ नेताओं को फोन पर ऑफर आए थे। इन नेताओं ने कहा कि उन्हें पार्टी बदलने के एवज में पैसे ऑफर किए जा रहे हैं। इसी से संबंधित एक ट्वीट अरविंद केजरीवाल ने भी किया था। इसी को लेकर विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उपराज्यपाल से शिकायत की थी। उपराज्यपाल के आदेश पर इस मामले में एसीबी को जांच के आदेश दिए गए। एसीबी की टीम अरविंद केजरीवाल के घर भी पहुंची थी लेकिन उसकी मुलाकात नहीं हो सकी। अब एसीबी ने एक नोटिस जारी करके अरविंद केजरीवाल से कुछ सवालों के जवाब मांगे हैं। साथ ही, उस ट्वीट के बारे में भी अरविंद केजरीवाल से सवाल पूछे गए हैं।

 

ACB ने अरविंद केजरीवाल को भेजे गए नोटिस में कुल 5 सवाल पूछे हैं। साथ ही, यह भी कहा है कि वह आज ही बताएं कि वह किस समय उपलब्ध हैं जिससे कि वह सवालों के जवाब दे सकें। 

उनसे पूछे गए सवाल इस तरह हैं:-
1. क्या वह ट्वीट आपने ही पोस्ट किया है या किसी और ने पोस्ट किया है?
2. क्या आप उस ट्वीट में लिखी बातों से सहमत हैं कि आपकी पार्टी के 16 विधायकों को रिश्वत ऑफर की गई?
3. AAP के उन 16 उम्मीदवारों के नाम बताइए जिनको फोन आए थे।
4. उन लोगों के फोन नंबर भी बताइए, जिन्होंने इन विधायकों को फोन करके ऑफर दिए।
5. इसके अलावा अगर आपके दावे के समर्थन में आपके पास और जो कोई भी जानकारी हो तो वह भी उपलब्ध कराएं।

 

यह भी पढ़ें- ऑफर, ACB और ड्रामा...,दिल्ली में नतीजों से पहले ही शुरू हो गया खेल?

 


केजरीवाल ने क्या कहा था?

अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा था, 'कुछ एजेंसीज दिखा रही हैं कि गाली गलौज पार्टी की 55 से ज़्यादा सीट आ रही हैं। पिछले दो घंटे में हमारे 16 उम्मीदवारों के पास फ़ोन आ गए हैं कि AAP छोड़कर उनकी पार्टी में आ जाओ, मंत्री बना देंगे और हर एक को 15-15 करोड़ देंगे। अगर इनकी पार्टी की 55 से ज़्यादा सीटें आ रहीं हैं तो हमारे उम्मीदवारों को फ़ोन करने की क्या ज़रूरत है? ज़ाहिर तौर पे ये फ़र्ज़ी सर्वे करवाये ही इसलिए गए हैं ताकि ये माहौल बनाकर कुछ उम्मीदवारों को तोड़ा जा सके। पर गाली गलौज वालों, हमारा एक भी आदमी नहीं टूटेगा।'

आज केजरीवाल ने क्या कहा?

 

अब अरविंद केजरीवाल ने आज एक और ट्वीट किया है। इसमें उन्होंने लिखा है, 'चुनाव आयोग ने फॉर्म 17C अपलोड करने से  इनकार कर दिया है जिसमें कि यह जानकारी होती है कि हर विधानसभा के हर बूथ पर कितने वोट डाले गए। AAP ने एक वेबसाइट बनाई है जिसमें हमने सारी विधानसभा के फॉर्म 17C अपलोड कर दिए हैं। इस फॉर्म में हर बूथ पर डाले गए वोट की जानकारी है। पूरे दिन हम हर विधानसभा के हर बूथ पर डाले गए वोट की संख्या टेबल फॉर्मैट में डालते रहेंगे ताकि हर मतदाता को इसकी जानकारी रही है। यह वह काम है जिसे चुनाव आयोग को करना चाहिए था लेकिन दुर्भाग्य है कि वे ऐसा करने से इनकार कर रहे हैं।'

 

यह भी पढ़ें- मुंबई में पकड़े गए 201 अवैध बांग्लादेशी, 20 भेजे गए अपने देश

 

इस पूरे मामले पर BJP नेता और उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा है, 'इन लोगों ने हार मान ली है। बाद में ये यह भी कहेंगे कि ईवीएम में गड़बड़ी थी। यह सब कब तक चलेगा? इस मामले की जांच की जानी चाहिए और उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए जो बार-बार झूठ बोलते हैं। आज तक अरविंद केजरीवाल ने जो कुछ भी कहा है, वह कभी नहीं किया है।'

 

 

बता दें कि दिल्ली के विधानसभा चुनाव के लिए 70 सीटों पर 5 फरवरी को वोट डाले गए थे। अब वोटों की गिनती 8 फरवरी यानी शनिवार को होनी है। अभी तक आए ज्यादातर एग्जिट पोल में यह बताया गया है कि सत्ता पर काबिज AAP चुनाव हार सकती है और BJP सत्ता में आ सकती है।