बिहार में चुनाव का मंच सज गया है। पहले फेज की 121 सीटों के लिए आज वोटिंग हो रही है। पहले फेज में 3.75 करोड़ वोटर्स हैं। 18 जिलों की 121 सीटों पर 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव और नीतीश सरकार में दोनों डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी शामिल हैं।
राघोपुर सीट पर जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद थी। यहां से तेजस्वी यादव तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। पहले माना जा रहा था कि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर यहां से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि, बाद में उन्होंने चुनाव न लड़ने का फैसला लिया।
पहले फेज में कई बड़े चेहरे मैदान में हैं। इनमें तेजस्वी यादव, सम्राट चौधरी, मैथिली ठाकुर, खेसारी लाल यादव और तेज प्रताप यादव का नाम भी शामिल है।
- कहां-कहां हो रही वोटिंग: पहले चरण में मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर में वोटिंग हो रही है।
- कितने बजे तक होगी वोटिंग: 6 सीटों- सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर, मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा में सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी। बाकी 115 सीटों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
- कितने वोटर्स डालेंगे वोट: पहले फेज में कुल 3.75 करोड़ वोटर्स होंगे। इनमें 1.98 करोड़ पुरुष और 1.76 करोड़ महिला वोटर्स हैं। 758 वोटर्स थर्ड जेंडर हैं। चुनाव आयोग ने पहले फेज के लिए 45,341 पोलिंग बूथ बनाए हैं।
बिहार चुनाव से जुड़ी पल-पल की अपडेट जानें:-
Live Updates
November 06, 14:01
1 बजे तक 42 फीसदी वोटिंग
बिहार में वोटिंग ने अब रफ्तार पकड़ ली है। चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक 42.31 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। बेगूसराय, गोपालगंज और लखीसराय में 46 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है।

November 06, 13:18
RJD के आरोपों पर क्या बोली EC
बिहार में पहले फेज की वोटिंग जारी है। इस बीच आरजेडी ने कई पोलिंग बूथ में जानबूझकर बिजली काटने का आरोप लगाया। आरजेडी ने आरोप लगाया कि जिन बूथों में महागठबंधन मजबूत है, वहां वोटिंग धीमी करने के लिए जानबूझकर बिजली काटी जा रही है। चुनाव आयोग ने इन आरोपों को निराधार और भ्रामक बताया है।
November 06, 11:46
11 बजे तक लगभग 28% हुई वोटिंग
चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, सुबह 11 बजे तक बिहार में 27.65% वोटिंग हो चुकी है। बेगूसराय, गोपालगंज और लखीसराय में 30 फीसदी से ज्यादा वोट पड़े चुके हैं।

November 06, 11:11
नीतीश कुमार ने भी डाला वोट
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी वोट डाल दिया है। उन्होंने बख्तियारपुर में बने पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला।
November 06, 11:05
यहां 20 साल में पहली बार हो रही वोटिंग
बिहार की एक जगह ऐसी भी है जहां 20 साल में पहली बार वोटिंग हो रही है। यह मुंगेर जिले के भीम बंद का नक्सल प्रभावित गांव है। एक स्थानीय ग्रामीण ने कहा, '20 साल में पहली बार वोट देकर अच्छा लग रहा है। अब हम शांति से रह रहे हैं। यहां सरकारी सुविधाएं बहुत अच्छी हैं। हमें पिछले कुछ सालों से मुफ्त राशन भी दिया जा रहा है। हम जंगल में शांति से रह रहे हैं।'
November 06, 10:37
तेज प्रताप यादव ने डाला वोट
जन शक्ति जनता दल के अध्यक्ष और महुआ सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने भी वोट डाल दिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने लोगों से वोट डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक-एक वोट जरूरी है। उन्होंने कहा कि माता-पिता का आशीर्वाद अलग जगह है और जनता मालिकों का आशीर्वाद अलग जगह है।
November 06, 09:56
9 बजे तक कितनी वोटिंग?
बिहार में पहले फेज की 121 सीटों पर वोटिंग जारी है। चुनाव आयोग की वोटर टर्नआउट ऐप के मुताबिक, सुबह 9 बजे तक बिहार में 13.13% वोटिंग हो चुकी हैं। सबसे ज्यादा 15.27% वोटिंग सहरसा जिले में हुई है।

November 06, 09:55
वोट डालने के लिए निकले नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी वोट डालने के लिए अपने घर से निकल चुके हैं। नीतीश कुमार बख्तियारपुर में बने पोलिंग बूथ में अपना वोट डालेंगे।
November 06, 07:06
सम्राट चौधरी ने भी डाला वोट
डिप्टी सीएम और तारापुर सीट से बीजेपी उम्मीदवार सम्राट चौधरी ने भी वोट डाल दिया है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की। तेजस्वी यादव के 18 नवंबर को सीएम पद की शपथ लेने के दावे पर सम्राट चौधरी ने कहा, 'सपना देखने वाले को कोई दिक्कत नहीं।'
November 06, 07:06
लालू परिवार ने डाला वोट
बिहार में पूर्व सीएम लालू यादव अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे। उनके बेटे और महागठबंधन के सीएम उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने भी वोट डाला। तेजस्वी यादव राघोपुर सीट से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। वोट डालने के बाद राबड़ी देवी ने सभी लोगों से वोट डालने की अपील की। इस दौरान उन्होंने अपने दोनों बेटों तेजस्वी और तेजप्रताप को शुभकामनाएं भी दीं।
November 06, 07:06
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने डाला वोट
बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने वोट डाल दिया है। विजय सिन्हा लखीसराय सीट से बीजेपी उम्मीदवार हैं। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, 'अपने वोट से हम देश के प्रधानमंत्री और बिहार के मुख्यमंत्री चुनते हैं... बिहारियों को गर्व होगा और आज बिहार को बिहारियों को गाली देने वालों, अराजकता, जंगलराज और गुंडाराज लाने वालों से मुक्ति मिलेगी।'
November 06, 07:06
पहले फेज में किन सीटों पर वोटिंग?
पहले फेज में बिहार के 18 जिलों की 121 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। नीचे देखें पूरी लिस्ट:-

November 06, 07:06
121 सीटों पर वोटिंग शुरू
पहले फेज की 121 सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी। हालांकि, 6 सीटों पर शाम 5 बजे तक ही वोटिंग होगी।
November 06, 06:47
पीएम बोले- पहले मतदान, फिर जलपान
बिहार में पहले चरण की वोटिंग शुरू होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी वोटर्स से वोट डालने की अपील की है। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा कि पहले मतदान, फिर जलपान।
November 06, 06:47
किस गठबंधन के कितने उम्मीदवार?
पहले फेज में एनडीए की ओर से जेडीयू के 57, बीजेपी के 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के 2 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं, महागठबंधन की ओर से आरजेडी के 71, कांग्रेस के 24 और वाम दलों के 14 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और सीपीआई 6-6 सीट पर, सीपीएम 3 सीट पर और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) 2 सीट पर चुनाव लड़ रही है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के 118 उम्मीदवार भी इस चरण में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
November 06, 06:47
नीतीश सरकार के 16 मंत्री मैदान में
पहले फेज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत भी EVM में कैद होगी। इनमें बीजेपी के 11 और जेडीयू के 5 मंत्री शामिल हैं। बीजेपी कोटे से स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे (सीवान), बांकीपुर से नितिन नवीन, तारापुर से उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, लखीसराय से उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, दरभंगा के जाले से नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा, दरभंगा शहरी से राजस्व मंत्री संजय सरावगी, कुढ़नी से पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, साहेबगंज से पर्यटन मंत्री राजू कुमार, अमनौर से सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू, बिहारशरीफ से पर्यावरण मंत्री सुनील कुमार और बछवाड़ा से खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता चुनाव मैदान में हैं। वहीं, जेडीयू के 5 मंत्रियों में जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी (सराय रंजन), नालंदा से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, बहादुरपुर से समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, कल्याणपुर से सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी और सोनबरसा से मंत्री रत्नेश सदा शामिल हैं।
November 06, 06:44
पहले फेज में बड़े चेहरे कौन?
पहले चरण में कई चर्चित उम्मीदवारों की किस्मत EBM में कैद होगी। इनमें महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा, लोकगायिका मैथिली ठाकुर, भोजपुरी फिल्म स्टार खेसारी लाल यादव, जनशक्ति जनता दल के तेज प्रताप यादव, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और भोला यादव शामिल हैं।
November 06, 06:44
इन दो सीटों पर रहेगी नजर
अलीनगर सीट पर भी सबकी नजर है, जहां बीजेपी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला आरजेडी के विनोद मिश्रा से है। वहीं, हाल ही में मोकामा में दुलार चंद यादव की हत्या के मामले में गिरफ्तार जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह की किस्मत का फैसला भी इसी चरण में होना है।


