सेंट्रल दिल्ली में स्थित चांदनी चौक का नाम सुनते ही उसकी ऐतिहासिकता आंखों के सामने तैर जाती है। पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास स्थित चांदनी चौक अपनी ऐतिहासिकता को समेटे हुए आज एक बड़ी होल सेल मार्केट है। इसके पूर्व में मुगल बादशाह शाहजहां का बनवाया लाल किला है। खुद चांदनी चौक को भी शाहजहां ने बनावाया और बाद में उनकी बेटी जहांआरा ने इसे डिजाइन किया।

 

यह सीट हमेशा से काफी महत्त्वपूर्ण रही है, लेकिन विधानसभा के मामलेम में राजनीतिक रूप से ज्यादा उठापटक देखने को नहीं मिला। 1998 से लेकर 2015 तक इस सीट पर कांग्रेस का ही कब्जा रहा और आम आदमी पार्टी के दिल्ली में जड़ें जमाने के बाद इस सीट पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है।

क्या हैं समस्याएं?

चांदनी चौक में मूल रूप से गंदगी की समस्या है और सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लगे रहते हैं। साल 2021 में चांदनी चौक की मुख्य सड़क को लाल पत्थर और ग्रेनाइट के पत्थरों से सजाने का जो काम शुरू हुआ था वह भी ज्यादा कुछ फायदेमंद नहीं दिखा। अभी भी दुकानों के बाहर कूड़े से भरे हुए डस्टबिन और चारों तरफ लटकते हुए बिजली के तार, टूटे हुए बिलबोर्ड दिख जाएंगे।

2020 में क्या हुआ था?

पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के प्रह्लाद सिंह साहनी को जीत हासिल हुई थी। वहीं दूसरे स्थान पर बीजेपी के सुमन कुमार गुप्ता रहे थे व कांग्रेस की अल्का लांबा तीसरे स्थान पर रहीं। साहनी को 50891 वोट हासिल हुए थे जबकि गुप्ता को 29584 वोट मिले थे, वहीं 2015 में इसी सीट पर आम आदमी पार्टी से जीत हासिल करने वाली कांग्रेस प्रत्याशी अल्का लांबा को महज़ 3881 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। 

क्या है इस सीट का इतिहास?

चांदनी चौक पर कांग्रेस, बीजेपी और आम आदमी पार्टी तीनों ने ही जीत दर्ज की है। 1993 में इस सीट पर बीजेपी के वासुदेव कप्तान विधायक चुने गए थे। उसके बाद 1998 से साल 2013 तक लगातार प्रह्लाद साहनी इस सीट से चुने गए। 2015 में दिल्ली में आम आदमी पार्टी की लहर थी। उस साल आप से अल्का लांबा चुनाव जीत गईं। लेकिन 2020 में प्रह्लाद साहनी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए और अल्का लांबा ने कांग्रेस ज्वाइन कर लिया। 2020 में फिर से आम आदमी पार्टी की जीत हुई और प्रह्लाद सिंह साहनी विधायक बने।

जातिगत समीकरण क्या है

इस विधानसभा सीट पर मुसलमान 29.7 प्रतिशत, 7.1 प्रतिशत क्षत्रिय, 2.2 प्रतिशत बनिया और 3.2 प्रतिशत ब्राह्मण हैं।

कौन कौन है कैंडीडेट

इस बार के विधानसभा चुनाव में चांदनी चौक में बीजेपी की तरफ से सतीश जैन, आम आदमी पार्टी से पूरणदीप सिंह साहनी और कांग्रेस से मुदित अग्रवाल लड़ रहे हैं।