दिल्ली में विधानसभा चुनाव कब होंगे? इसका ऐलान आज हो जाएगा। चुनाव आयोग ने आज दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई है, जिसमें दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है कि दिल्ली में अगले महीने विधानसभा चुनाव हो सकते हैं।


दिल्ली में विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है। उससे पहले विधानसभा का गठन होना जरूरी है। 23 फरवरी से पहले-पहले चुनाव आयोग उपराज्यपाल वीके सक्सेना को नए विधायकों की लिस्ट सौंप देंगे।

 

दिल्ली में सीएम आतिशी के सामने रमेश बिधूड़ी

दिल्ली की कालकाजी सीट से बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी को उम्मीदवार बनाया है। इस सीट से सीएम आतिशी चुनाव लड़ेंगी। 2020 के चुनाव में आतिशी पहली बार यहीं से जीती थीं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने शनिवार को 29 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी ने प्रवेश वर्मा को उतारा है।

दिल्ली में बढ़े वोटर्स

दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में 7.26 लाख और 2024 के लोकसभा चुनाव की तुलना में 3.10 लाख वोटर्स बढ़ गए हैं। 2020 के चुनाव के वक्त दिल्ली में 1.47 करोड़ वोटर्स थे। जबकि, पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव के समय दिल्ली में वोटर्स की संख्या 1.52 करोड़ से ज्यादा थी। 2025 के चुनाव में कुल 1.55 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 83.49 लाख पुरुष और 71.73 लाख महिलाएं हैं।

दिल्ली में क्या रहे थे पिछले नतीजे

दिल्ली में पिछले दो विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी 70 में से 60 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बना रही है। 2015 के चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 67 सीटें जीती थीं। दिल्ली के इतिहास में ये पहली बार था, जब किसी पार्टी ने इतनी सीटें जीती थीं। वहीं, 2020 के चुनाव में आम आदमी पार्टी को 62 सीटों पर जीत मिली थी। बीजेपी ने 8 सीटें जीती थीं। जबकि, कांग्रेस दो चुनाव से एक भी सीट नहीं जीत सकी है।

पिछली बार 6 जनवरी को हुआ था ऐलान

दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान 6 जनवरी को हुआ था। दिल्ली की सभी 70 सीटों के लिए 14 जनवरी को नोटिफिकेशन जारी हुआ था। पिछली बार 8 फरवरी को वोटिंग हुई थी, जबकि 11 फरवरी को नतीजे आए थे। 16 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।