चुनाव आयोग ने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) प्रमुख अरविंद केजरीवाल से यमुना में जहर के सबूत मांगे हैं। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि हरियाणा की भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार ने यमुना के पानी में जहर मिला दिया है, जिसका पानी दिल्ली के लिए सप्लाई होता है।

अरविंद केजरीवाल को भेजे गए नोटिस में चुनाव आयोग ने उनसे बुधवार रात 8 बजे से पहले अपने दावे के संबंध में साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए कहा है। अरविंद केजरीवाल ने कहा था दिल्ली में नरसंहार हो जाता। 

अरविंद केजीरवाल ने कहा, 'यमुना के पानी को अनुपयोगी बनाने के लिए इसमें जहर मिलाया जा रहा है। अगर दिल्ली में लोग इस पानी का सेवन करेंगे, तो कई लोग मर जाएंगे। यह सामूहिक हत्या से कम नहीं है।'

चुनाव आयोग इस केस की छानबीन आचार संहिता के प्रावधानों और कानूनों के प्रासंगिक प्रावधानों के हिसाब से करेगा। नोटिस में कहा गया, 'आपसे अनुरोध है कि आप शिकायतों पर अपना जवाब, तथ्यात्मक और कानूनी आधार पर 29 जनवरी 2025 को रात 8 बजे तक पेश करें, जिससे सही समय पर एक्शन लिया जा सके।'

अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा था?
अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया था कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी को आपूर्ति की जा रही यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अगर दिल्ली जल बोर्ड ने पानी को दिल्ली में आने से नहीं रोका होता, तो इससे बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता। 

किसने शिकायत दर्ज कराई?
भाजपा और कांग्रेस ने आज अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इस टिप्पणी को लेकर आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। आयोग ने दिल्ली जल बोर्ड की रिपोर्ट भी पढ़ी, जिसमें यमुना में किसी तरह का जहर नहीं मिला है। रिपोर्ट में इस बात का भी जिक्र नहीं मिला कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने यमुना को जहरीला बनाने से पहले ही रोक दिया था। 

चुनाव आयोग को सीए आतिशी और मान ने लिखा क्या था?
चुनाव आयोग को दिल्ली के मुख्यमंत्री और पंजाब के मुख्यमंत्री ने एक संयुक्त चिट्ठी लिखी थी। शिकायत की गई थी कि हरियाणा सरकार यमुना में जानबूझकर अमोनिया की मात्रा बढ़ा रही है। आम आदमी पार्टी ने इसे वाटर टेररिज्म कहा। उनका आरोप था कि इस वजह से यमुना का पानी पीने लायक नहीं रह गया है।

चुनाव आयोग की नसीहत क्या है?
चुनाव आयोग ने अरविंद केजरीवाल को तथ्यात्मक आधार साबित करने को कहा है।  

AAP के आरोपों पर BJP ने क्या कहा?
अमित शाह ने आज अरविंद केजरीवाल के आरोपों को गलत कहा है। अमित शाह ने कहा, 'केजरीवाल जी, हार-जीत तो चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा है। मासूमियत भरा चेहरा बनाते हुए आपने हरियाणा सरकार पर जहर मिलाने का आरोप लगाया और दिल्ली के लोगों को डराने की कोशिश की। राजनीति इससे ज्यादा गंदी नहीं हो सकती।'