झारखंड, दूसरे चरण के मतदान के लिए पूरी तरह से तैयार है। 20 नवंबर को 81 विधानसभा सीटों की बची हुई 38 सीटों पर वोटिंग होगी। आदिवासी बाहुल इस राज्य में दूसरे चरण का चुनाव यह तय करेगा कि राज्य में किसकी सरकार बनने जा रही है। झारखंड में सुबह 7 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक वोट पड़ेंगे। राज्य के 31 बूथ ऐसे चुने गए हैं, जहां वोटिंग 4 बजे तक खतम हो जाएगी। जो लोग लाइन में खड़े रहेंगे, उन्हें वोट देने दिया जाएगा। इस चरण में कुल 1.23 करोड़ लोग वोट करने वाले हैं।
झारखंड में लड़ाई किस-किस के बीच में है?
झारखंड की मुख्य लड़ाई झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले NDA के बीच में है। इंडिया ब्लॉक के बड़े चेहरे इकलौते हेमंत सोरेन हैं, वहीं बीजेपी ने अपना पूरा नेतृत्व उतार दिया। चंपाई सोरेन और बाबू लाल मरांडी के दम पर बीजेपी चुनाव लड़ रही है लेकिन उन्हें समर्थन देने के लिए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान तक चुनाव प्रचार के अंतिम दिन तक मौजूद रहे।
दूसरे चरण के बड़े चेहरे कौन से हैं?
दूसरे चरण में एक से बढ़कर एक दिग्गजों के नाम हैं। आइए कुछ प्रमुख चेहरों और उनकी विधानसभा सीटों के बारे में जानते हैं-
हेमंत सोरेन- JMM- बरहट विधानसभा
बाबूलाल मरांडी- बीजेपी- धनवर
कल्पना सोरेन- JMM- गंदेव
स्टीफन मरांडी- JMM- महेशपुर
इरफान अंसारी-कांग्रेस- जामताड़ा
सीता सोरेन- बीजेपी- जामताड़ा
बसंत सोरेन- JMM- दुमका
जयराम महतो- JLKM- दुमरी
जयराम महतो- JLKM- बरमो
अमर कुमार बौरी- BJP- चंदनक्यारी
क्या हैं झारखंड चुनाव के अहम मुद्दे?
झारखंड चुनाव में बीजेपी ने घुसपैठ, अवैध प्रवासी, लव और भूमि जिहाद जैसे मुद्दे उठाए हैं। बीजेपी का कहना है कि सोरेन सरकार, आदिवासियों की जमीनें छीनकर एक खास समुदाय को सौंप रही है, आदिवासियों का उत्पीड़न हो रहा है, मुस्लिम तुष्टीकरण किया जा रहा है। इंडिया ब्लॉक हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी से लेकर संवैधानिक अधिकारों के दोहन तक पर एनडीए को घेर रहा है।
किन सीटों पर होगी वोटिंग?
दूसरे चरण के तहत 20 नवंबर को 38 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इन सीटों में राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकराीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पौड़ैयाहाट, गोड्डा, महगामा, रामगढ़, मांडू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदनकरायी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली और खिजरी।
कैसा था साल 2019 का चुनाव?
साल 2019 के चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार बनी थी। चुनाव में कांटे की टक्कर देखने को मिली थी। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने 30 सीटें हासिल की थीं, वहीं बीजेपी 35 सीटों पर सिमट गई थी। जेएमएम-कांग्रेस गठबंधन के पास कुल 47 विधायकों का समर्थन था। झारखंड में साल 2019 के दूसरे चरण के चुनाव में बीजेपी ने कुल 12 सीटें हासिल की थी। 13 सीटों पर जेएमएम को जीत मिली थी।
कौन सबसे दागी? पढ़ें ADR रिपोर्ट
दूसरे चरण के चुनाव में एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) ने अपराध से लेकर उम्मीदवारों की स्थिति तक पर रिपोर्ट तैयार की है। 528 उम्मीदवारों में से 522 उम्मीदवारों के हलफनामों पर रिपोर्ट तैयार की गई है। 148 उम्मीदवार ऐसे हैं जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। BJP के 32 में से 14 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बसपा के 24 उम्मीदवारों में से 8 पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। JMM के 20 उम्मीदवारों में से 5 पर आपराधिक केस दर्ज हैं। कांग्रेस के भी 5 उम्मीदवार आपराधिक मामलों में नामजद हैं। आरजेडी के 2 उम्मीदवाोरों हैं, जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। 12 उम्मीदवार ऐसे हैं, जो महिलाओं से संबंधित अपराधों में आरोपी हैं। एक उम्मीदवार पर रेप का मामला दर्ज है। 3 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर हत्या के मामले दर्ज हैं। 34 उम्मीदवार ऐसे हैं, जिन पर हत्या की कोशिश के आरोप हैं।
कौन हैं सबसे धनी? पढ़ें ADR की रिपोर्ट
BJP के 32 में से 23 उम्मीदवार करोड़पति हैं। कांग्रेस के 12 में से 10 उम्मीदवार करोड़पति हैं। JMM के 20 में 18 उम्मीदवार करोड़पति हैं। अजसू के 6 में से 5 उम्मीदवार करोड़पति हैं। बसपा के 24 में 4 प्रत्याशी करोड़पति हैं। CPI (M) (L) के 4 में से 3 प्रत्याशी करोड़पति हैं। JLKM के 33 में से 11 उम्मीदवार करोड़पति हैं। RJD के दो उम्मीदवार करोड़पति हैं।
चुनाव के स्टार कैंपेनर कौन रहे?
इंडिया ब्लॉक की ओर हेमंत सोरेन, कल्पना सोरेन,प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी स्टार कैंपेनर रहे, वहीं बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रहे।
कब आएगा एग्जिट पोल?
झारखंड और महाराष्ट्र में चुनाव खत्म होते ही शाम 6 बजे तक, अलग-अलग एग्जिट पोल आने शुरू हो जाएंगे।
किन सीटों पर 13 नवंबर को हुई थी वोटिंग?
कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बड़कागांव, हजारीबाग, सिमरिया (एससी), चतरा (एससी), बहरगोड़ा, घाटशिला (एसटी), पोटका (एसटी), जुगसलाई (एससी), जमशेदपुर पूर्वी, जमशेदपुर पश्चिमी, ईचागढ़, सरायकेला (एसटी), चाईबासा (एसटी), मझगांव (एसटी), जगन्नाथपुर (एसटी), मनोहरपुर (एसटी), चक्रधरपुर (एसटी), खरसावां (एसटी), तमाड़ (एसटी), तोरपा (एसटी), खूंटी (एसटी), रांची, हटिया, कांके (एससी) और मांडर (एसटी) विधानसभा सीट। सिसई (एसटी), गुमला (एसटी), बिशुनपुर (एसटी), सिमडेगा (एसटी), कोलेबिरा (एसटी), लोहरदगा (एसटी), मनिका (एसटी), लातेहार (एससी), पांकी, डालटनगंज, विश्रामपुर, छतरपुर (एससी), हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर विधानसभा में 13 नवंबर को वोटिंग हो चुकी है।
कब आएंगे नतीजे?
झारखंड के चुनावी नतीजे 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
बहुमत का आंकड़ा क्या है?
सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 41 है।