महाराष्ट्र में महायुति या महा विकास अघाड़ी (MVA) किसकी सरकार बनेगी? यह सवाल सबके मन में हैं। एग्जिट पोल के आंकड़े, किसी तुक्के से कम नहीं होते, कई बार सटीक होते हैं, कई बार चूक जाते हैं। लोकसभा चुनाव 2024 में ये नतीजे गलत साबित हुए, हरियाणा में ये नतीजे गलत साबित हुए। इतिहास में भी खराब रहे हैं, ऐसे में लोगों को इंतजार 23 नवंबर का है।
23 नवंबर को ही वोटों की गिनती शुरू होगी और 12 बजते-बजते यह तो साफ हो जाएगा कि कौन सा गठबंधन, चुनाव में बहुमत हासिल कर सकता है। मीम की दुनिया में अब रामायण का यह गीत चलने लगा है, 'यही रात अंतिम, यही रात भारी।' सुविधा के लिए रवींद्र जैन से माफी मांगते हुए हम यह लिख सकते हैं, 'यही रात अंतिम, यही दिन है भारी।'
रिजल्ट के नतीजे, सबको बेताब करते हैं, छात्र अपनी परीक्षा को लेकर आशंकित रहते हैं, अभ्यर्थी अपनी परीक्षा को लेकर। कुछ इसी तरह की मनोदशा प्रत्याशियों और राजनीतिक पार्टियों की भी होती होगी।
महायुति गठबंधन में कौन हैं?
महायुति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सबसे बड़ी पार्टी है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना, अजित पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) शामिल है। तीनों पार्टियां एग्जिट पोल के नतीजों से संतुष्ट हैं। महायुति को बहुमत मिल रहा है। महायुति सरकार बनाने की तैयारियों में ऐसे जुटी है कि सूत्रों का कहना है कि हेलीकॉप्टर और होटल पॉलिटिक्स की भी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
क्या हैं महाराष्ट्र के एग्जिट पोल?
सी-वोटर सर्वे की मानें तो महाराष्ट्र में हंग असेंबली के आसार नजर आ रहे हैं। 288 विधानसभा सीटों में से महायुति को महज 112 सीटें मिल रही हैं। महाविकास अघाड़ी को 104। दोनों गठबंधन बहुमत के आंकड़ों से कोसों दूर हैं। मैट्राइज ने महायुति को 150-170 सीटें दी हैं। एमवीए 110 से 130 सीटें मिल रही हैं।
Exit Poll | महायुति (BJP+ NCP+ Shiv Sena) | महा विकास अघाड़ी (Congress+ NCP-SP + Shiv Sena-UBT) |
AI एक्जिट पोल | 129-159 | 124-154 |
जेवीसी | 159 | 116 |
इलेक्टोरल एज | 118+ | 150+ |
पीपल्स पल्स | 175-195 | 85-112 |
P-MARQ | 137-157 | 126-146 |
Matrize | 150-170 | 110-130 |
न्यूज24-चाणक्य | 152-160 | 130-138 |
Poll-Diary | 122-186 | 69-121 |
निर्दलीय होंगे किंगमेकर?
महाराष्ट्र में निर्दलीय उम्मीदवार किंगमेकर हो सकते हैं, अगर गठबंधन की सीटें कम आईं। महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 है। ज्यादातर एग्जिट पोल में निर्दलीयों को भी 15 से ज्यादा सीटें मिलती नजर आ रही हैं।
महायुति को उम्मीद क्या है?
महाराष्ट्र बीजेपी अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को उम्मीद है कि महायुति की सरकार बनेगी। उनका कहना है कि बीजेपी के पास 105 विधायक हैं, उम्मीद है कि और जीतेंगे। एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। निर्दलीयों की अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें साथ लेकर चलेंगे।
महा विकास अघाड़ी में कौन है?
कांग्रेस इस गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) और शरद पवार की नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (SP) इस गठबंधन के अहम घटक हैं। एग्जिट पोल में महा विकास अघाड़ी के लिए ठीक संकेत नहीं हैं लेकिन देखने वाली बात ये है कि नतीजे किस ओर करवट ले रहे हैं। बीजेपी जब सरकार बनाने की कोशिश करती है तो उसे विपक्ष ऑपरेशन लोटस का नाम दे देता है। महा विकास अघाड़ी के दल, जमकर महाराष्ट्र में बैठ कर रहे हैं।
MVA की तैयारी क्या है?
कांग्रेस नेता बालासाहेब थोराट, एनसीपी (एसपी) के जयंत पाटिल और शिवसेना (यूबीटी) के संजय राउत के बीच मुंबई के एक होटल में लंबी मुलाकात हुई है। ये नेता उद्धव ठाकरे और शरद पवार से अलग-अलग मिले हैं। बालासाहेब थोराट ने कहा है कि एमवीए की ही सरकार बनेगी। हमें 145 से ज्यादा सीटें मिल जाएंगी। हमें बाहरी समर्थन की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।
'यही रात अंतिम, यही दिन है भारी'
MVA को डर है कि वोटिंग के दौरान कहीं हेरफेर न हो। ऐसे में बाला साहेब थोराट ने कहा है कि उनके कार्यकर्ता अंतिम समय तक, बूथ नहीं छोड़ेंगे। कुछ नेता दबी जुबान में कह रहे हैं कि ऐसा न हो कि महायुति के पास बहुमत न हो तब भी उन्हें ही सरकार बनाने के लिए राज्यपाल आमंत्रण दे सकते हैं। हिंदुस्तान टाइम्स ने एक नेता के हवाले से कहा है कि अगर दोनों गठबंधन बहुमत से दूर रहते हैं तो बीजेपी महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगवा सकती है।