राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव की तारीख आज है। 26 राज्यसभा सीटें निर्विरोध भरी जा चुकी हैं। शरद पवार, रामदास आठवले और एम थंबादुरई जैसे बड़े नेताओं की सीटों पर निर्विरोध चुनाव पूरे हो चुके हैं। 11 सीटों पर मतदान होने वाला है। बिहार में 5, ओडिशा में 4 और हरियाणा में 2 सीटों पर चुनाव होने वाला है। नतीजे भी सोमवार को ही घोषित होंगे।

राज्यसभा में विपक्षी इंडिया गठबंधन के पास 80 सदस्य हैं, जबकि सत्ताधारी NDA के पास साफ बहुमत है। एनडीए के पास 136 राज्यसभा सांसद हैं। भारतीय जनता पार्टी के 102 सांसद हैं। 11 सीटों में से ज्यादातर सीटों पर NDA को फायदा दिख रहा है।

बिहार में 5 में से 4 सीटें NDA आसानी से जीत सकता है, ओडिशा में 4 में से 2 और हरियाणा में 2 में से 1 बाकी 3 सीटों पर कड़ी टक्कर होने वाली है, जहां निर्दलीय, बागी उम्मीदवार और क्रॉस-वोटिंग फैसला कर सकती है। राज्यसभा चुनावों में कहां कैसे वोटिंग होगी, क्या समीकरण बन रहे हैं, जानिए के लिए पेज पर बने रहें।

पढ़ें पल-पल के लाइव अपडेट्स-

 

Live Updates

2026-03-16T09:31

NDA के लोग रडार से बाहर हो गए हैं

RJD विधायक रणविजय साहू ने कहा है, 'यह केवल राज्यसभा का चुनाव नहीं है बल्कि बिहार और देश का चुनाव है। कोई रडार से बाहर नहीं है, NDA के लोग रडार से बाहर हो गए हैं। आंकड़ा 50 तक जाएगा। लोगों का हमें समर्थन है। गठबंधन के तमाम लोग साथ में हैं।'

2026-03-16T09:29

बीजेपी विधायक विनय बिहारी का दावा, जीत तय, इसमें दो राय नहीं

बीजेपी विधायक विनय बिहारी ने कहा, 'हमारे जो पांच प्रत्याशी हैं, पांचों के पांच विजय हासिल करेंगे और उसके लिए हम कतार में लगे हैं।'

 

 

2026-03-16T09:29

JDU को यकीन है, NDA की जीत तय है

JDU विधायक श्याम रजक ने कहा, 'पांचों उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है, इसमें कोई दो राय नहीं है। सभी वोटर्स पहुंच चुके हैं।'

2026-03-16T09:25

5 सीटें हम जीतने जा रहे हैं: शाहनवाज हुसैन

बीजेपी नेता नेता शाहनवाज हुसैन ने कहा, 'NDA पांचों की पांच सीट जीतने वाली है। RJD का प्रत्याशी बुरी तरह से हारने वाला है। RJD और उनके सहयोगियों का विश्वास अपने गठबंधन में नहीं है। हमारे विधायक एकजुट हैं और बहुत बड़ी संख्या में हमें वोट मिलेंगे।'

 

 

2026-03-16T08:40

NDA को बिहार में जीत पर भरोसा

विजय कुमार चौधरी ने कहा है, 'NDA के सभी नेताओं को 5 सीटों को लेकर पूरा भरोसा है। बेचैनी तो विपक्षी खेमे में है। वे आपस में मंत्रणा कर रहे हैं। इससे साफ पता चलता है कि कौन सा पक्ष नतीजों को लेकर आश्वस्त नहीं है।'

2026-03-16T07:08

निर्विरोध चुने गए नेता कौन हैं?

निर्विरोध चुने गए नेताओं में महाराष्ट्र से शरद पवार, विनोद तावड़े, रामराव वडकुटे आदि, तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश से कई बड़े नाम शामिल हैं। NDA को महाराष्ट्र में 3, बिहार में 2 और अन्य राज्यों में फायदा हुआ है। कांग्रेस को कुछ सीटें मिली हैं। आने वाले मई-जून और अक्टूबर-नवंबर में होने वाले अगले चरण के चुनावों में NDA को कम से कम 45-46 सीटें मिलने का अनुमान है।

2026-03-16T07:08

हरियाणा में रिसॉर्ट पॉलिटिक्स, क्या समीकरण बन रहे हैं?

हरियाणा में 90 विधायकों वाली विधानसभा है। एक सीट के लिए 31 वोट चाहिए। BJP के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौध उम्मीदवार हैं। निर्दलीय सतीश नंदल ने नामांकन कर त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया है। BJP के 48 विधायक हैं, इसलिए एक सीट पक्की है। कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं, लेकिन पिछले दो चुनावों में क्रॉस-वोटिंग और अमान्य वोटों से उसे नुकसान हुआ है। सतीश नंदल BJP के करीबी माने जाते हैं।

2026-03-16T07:07

ओडिशा में BJP या BJP किसका हाल बेहतर?

ओडिशा विधानसभा में 147 सदस्य हैं, एक सीट के लिए 30 वोट जरूरी हैं। BJP के पास 79 विधायक हैं। दो उम्मीदवार, राज्य अध्यक्ष मनमोहन समल और मौजूदा सांसद सुजीत कुमार हैं। दोनों जीत सकते हैं। BJD के पास 50 विधायक हैं, जिसने संतृप्त मिश्रा को उतारा है। चौथी सीट पर BJP पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप रे को समर्थन दे रही है, जबकि BJD ने कांग्रेस के साथ मिलकर डॉ. दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार बनाया है। BJD के 2 विधायकों की निलंबन के बावजूद डॉ. होता के पक्ष में संख्या मजबूत दिख रही है। रिसॉर्ट पॉलिटिक्स तेज हो गई है।

2026-03-16T06:56

बिहार में क्या समीकरण हैं, AIMIM ही तय करेगी RJD का भविष्य?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चुनावी मैदान में हैं। अब वह राज्य की भूमिका छोड़कर केंद्र में जा रहे हैं। वह 21 साल से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। NDA के अन्य उम्मीदवारों में BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, JD(U) के रामनाथ ठाकुर, शिवेश कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के उपेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। विपक्ष से RJD के अमरेंद्र धारी सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। बिहार विधानसभा में 243 विधायक हैं, एक सीट जीतने के लिए 41 वोट चाहिए। NDA के पास 202 विधायक हैं, इसलिए 4 सीटें पक्की हैं। पांचवीं सीट के लिए RJD को INDIA के 34 विधायकों का समर्थन है। AIMIM आज भी खेल कर सकती है।