तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों और पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। तमिलनाडु के चुनाव में उतरे 2023 उम्मीदवारों के लिए कुल 5.7 करोड़ वोटर मतदान करेंगे। वहीं पश्चिम बंगाल के 16 जिलों में फैली 152 विधानसभा सीटों पर कुल 1478 उम्मीदवार उतरे हैं। पश्चिम बंगाल के पहले चरण में लगभग 3.6 करोड़ वोटर मतदान के लिए तैयार हैं। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के बाद हो रहे इन चुनावों में लाखों लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने पिछली बार तो वोट दिया था लेकिन इस बार उनके नाम वोटर लिस्ट से बाहर हो गए हैं।
तमिलनाडु में सत्ताधारी द्रविड़ मुनेत्र कझगम (DMK) और कांग्रेस के गठबंधन का मुकाबला विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कझगम (AIADMK) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के गठबंधन से है। फिल्मी दुनिया से राजनीति में आए थलपति विजय की पार्टी तमिलागा वेट्री कझगम पर भी इस बार सबकी नजर है। वहीं, पश्चिम बंगाल में मुख्य लड़ाई बीजेपी और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस के बीच मानी जा रही है।
पढ़ें हर जरूरी अपडेट
Live Updates
2026-04-23T18:10
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में कितने वोट पड़े?
शाम 5 बेज तक पश्चिम बंगाल में 89.93% वोट पड़े, तमिलनाडु में 82.24% वोटिंग हुई है।
2026-04-23T18:04
बीरभूम में CRPF पर ही जवानों ने हमला बोल दिया
बीरभूम जिले के दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र में भीषण हंगामा हुआ है। खैरासोल घुमर गांव में तैनात CRPF जवानों पर लोगों ने पत्थर फेंके। जैसे-तैसे लोग जान बचाकर भागे हैं।
2026-04-23T17:24
TMC के गुंडों के लिए करो या मरो की स्थिति: मनन कुमार मिश्रा
पश्चिम बंगाल चुनाव पर बीजेपी सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा, 'इस बार TMC के गुंडे जानते हैं कि उनके लिए यह 'करो या मरो' वाली स्थिति है। वे जानते हैं कि अगर जनता को आजादी से वोट डालने का मौका मिला, तो वे सिर्फ़ भाजपा को ही वोट देंगे। यही वजह है कि वे बेचैन हो गए हैं और कुछ जगहों पर गड़बड़ी पैदा कर रहे हैं। पैरामिलिट्री फोर्स की मौजूदगी की वजह से वे पोलिंग बूथ तक नहीं पहुंच पा रहे हैं और वोटर वोट डाल रहे हैं। मुझे लगता है कि ये सभी वोट भाजपा के पक्ष में हैं।'
2026-04-23T17:22
पश्चिम बंगाल में कतारों में खड़े लोग, बंपर वोटिंग
मालदा के इंग्लिश बाजार निर्वाचन क्षेत्र संख्या 51 के बाहर लोग कतार में खड़े होकर मतदान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
2026-04-23T16:39
ममता घुसपैठियों के सहारे जीतती हैं चुनाव: पीयूष गोयल
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, 'ममता बनर्जी जो घुसपैठियों के जरिए चुनाव जीता करती थी, वह इस बार नियंत्रण में है। SIR के कारण जो मृत वोटरों के नाम कटे हैं, उससे जो बोगस वोटिंग होती थी वह खत्म होगी। तमिलनाडु में भी SIR के कारण शुद्ध रूप से चुनाव हो रहा है। दोनों जगह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार बनेगी।'
2026-04-23T16:01
पश्चिम बंगाल में 3 बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान, तमिलनाडु में 70%
पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान में दोपहर तीन बजे तक 78.77 प्रतिशत मतदान हुआ। दक्षिण दिनाजपुर में सबसे ज्यादा 81.49 प्रतिशत मतदान हुआ है। तमिलनाडु में 70 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
2026-04-23T15:28
पता है अल्पसंख्यक, किसके इशारे पर काम करते हैं: अग्निमित्रा पाउल
आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से उम्मीदवार अग्निमित्रा पाउल ने कहा, 'मेरे कार पर हमला किया गया है, इसे तबाह किया गया है। मैं रहमत नगर गया था, यह इलाका अल्पसंख्यक बाहुल है। मेरी कार पर एक बड़ा सा पत्थर फेंका गया। मेरे कार का पिछला हिस्सा टूट गया। खिड़कियां टूट गईं। भगवान की कृपा मैं जिंदा बच गई, न ही मुझे, न ही मेरे सुरक्षाकर्मियों को नुकसान नहीं पहुंचा। मेरे सचिव चोटिल हुए हैं। इसे सहना नहीं चाहिए। ऐसे ही हमले होते रहे हैं। आप आसान से समझ सकते हैं कि ये लोग कौन है। अल्पसंख्यकों से बेहतर रिश्ते किसके हैं, यह बात हर किसी को मालूम है।'
2026-04-23T15:06
TMC विधायक को पोल ऑब्जर्वर ने रोका
अलीपुरद्वार विधानसभा के टीएमसी विधायक और उम्मीदवार सुमन कांजीलाल अपने समर्थकों के साथ बूथ के अंदर जाना चाह रहे थे। वहां तैनात पोल ऑब्जर्वर ने उन्हें रोका और कहा कि वह अकेले ही बूथ के अंदर जा सकते हैं।
2026-04-23T14:46
मुर्शिदाबाद में बवाल के बाद FIR
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में वोटिंग के दिन हुए बवाल के मामले में एफआईआर दर्ज करके दो लोंगो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
2026-04-23T14:38
पोलिंग बूथ पर गई महिला की जान
पश्चिम बंगाल के मालदा में वोट डालने गई एक महिला अचानक बूथ पर ही बेहोश गई और उसकी मौत हो गई।
2026-04-23T14:35
मैं हिंदुस्तानी बाबू- शत्रुघन सिन्हा
आसनसोल में वोट डालने पहुंचे टीएमसी सांसद शत्रुघन सिन्हा ने कहा है कि लोग उन्हें बंगाली बाबू या बिहार बाबू कहते हैं लेकिन असल में वह हिंदुस्तानी बाबू हैं।
2026-04-23T14:17
शादी के जोड़े में ही डाले वोट
तमिलनाडु में एक कपल ने अपनी शादी के तुरंत बाद ही वोट डाला। इन दोनों ने शादी वाले कपड़े भी नहीं बदले और उन्हीं कपड़ों में वोट डालने पोलिंग बूथ पहुंच गए।
2026-04-23T14:06
केंद्रीय बल दिक्कत दे रहे हैं- TMC कैंडिडेट
सुजापुर से टीएमसी की उम्मीदवार सबीना यास्मीन ने कहा ने आरोप लगाए हैं कि केंद्रीय बलों का काम कानून व्यवस्था बनाना है लेकिन वे दिक्कत पैदा कर रहे हैं।
2026-04-23T13:48
तमिलनाडु और बंगाल में जारी है धुआंधार वोटिंग
तमिलनाडु में दोपहर 1 बजे तक 62.18 पर्सेंट और तमिनलाडु में 56.81 पर्सेंट वोटिंग हो चुकी है।
2026-04-23T13:35
BJP कैंडिडेट पर हमला
कुमारगंज विधानसभा सीट से उम्मीदवार सुभेंदु सरकार ने दावा किया है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने उनकी कार पर हमला किया। उन्होंने यह भी कहा है कि उनके पोलिंग एजेंट्स को जबरदस्ती हटा दिया गया था और जब वह उन्हें वापस भेजने गए तो उन पर हमला कर दिया गया।
2026-04-23T12:54
कांग्रेस अच्छा करेगी- सांसद ईशा खान
पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के सांसद ईशा खान ने भरोसा जताया है कि कांग्रेस इस बार अच्छा प्रदर्शन करेगी और मालदा में भी उसकी अच्छी रिकवरी होगी।
2026-04-23T12:42
किसी और ने डाला दिया वोट- सिलीगुड़ी में वोटर की शिकायत
पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में वोट डालने पहुंचे एक शख्स का कहना है कि वह बूथ पर पहुंचे तब तक उनकी बेटी का वोट किसी और ने डाल दिया था। गोपाल दास नाम के वोटर ने कहा है, 'मैं और मेरी बेटी वोट डालने आए थे। मैंने अपना वोट डाल दिया। मेरी बेटी के बारे में बताया गया कि उसका वोट तो डाला जा चुका है। हमसे कहा गया कि हम BLO को फोन करें। हमने फोन किया तो उन्होंने कहा कि यह उनके अंडर नहीं है।'
2026-04-23T12:20
TMC और AJUP समर्थकों के बीच हुई मारपीट
मुर्शिदाबाद में हुमायूं कबीर की AJUP और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई है। कई वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच लाठियां चल रही हैं। बाद में सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज किया और स्थिति काबू में की।
2026-04-23T12:13
हमारे लिए इमोशनल चुनाव- रोहित पवार
बारामती में हो रहे उपचुनाव में वोट डालने पहुंचे रोहित पवार ने कहा, 'हमारे लिए यह बेहद इमोशनल चुनाव है। अगर आप लोगों से बात करें तो वे बेहद भावुक हैं। अजित दादा ने इस क्षेत्र को अपना परिवार समझा। हमें भरोसा है कि लोग सुनेत्रा काकी के पक्ष में मतदान करेंगे और वह रिकॉर्ड मार्जिन से चुनाव जीतेंगी। बारामती के लोग पवार vs पवार नहीं चाहते हैं।'
2026-04-23T11:51
धरने पर बैठे हुमायूं कबीर
धरने पर बैठे हुमायूं कबीर ने कहा है, 'नवदा पुलिस ने रात भर हमारे समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की। लाठीचार्ज किया और घर में घुसकर मारा। यह नहीं होना चाहिए। चुनाव आयोग को इनके खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए। इनको थाने से उठाकर लाइन में बंद करना चाहिए और नया ऑफिसर भेजना चाहिए। मैं यही बैठा रहूंगा। टीएमसी वाले गुंडागर्दी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करना चाहिए।'
2026-04-23T11:36
उपचुनाव में कम हो रही है वोटिंग
महाराष्ट्र की बारामती सीट पर अभी तक सिर्फ 20.55 प्रतिशत, राहुल में 18.22 प्रतिशत और गुजरात की उमरेठ सीट पर 25.65 प्रतिशत वोट डाले गए हैं।
2026-04-23T11:36
तमिलनाडु और बंगाल में बंपर वोटिंग
तमिनलाडु में 11 बजे तक 37.56% और बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर अभी तक 41.11 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं।
2026-04-23T11:36
जो शांति तोड़ेगा, उसे हम तोड़ेंगे- सुवेंदु अधिकारी
नंदीग्राम के बूथों पर जा रहे बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा है, 'पिछले चुनाव में मुझे इस बूथ पर घुसने नहीं दिया है। आम आदमी शांति चाहता है, चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान हो। जो शांति तोड़ेगा, हम उसको तोड़ने का काम करेंगे।'
2026-04-23T11:25
चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट
हुमायूं कबीर और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हुए टकराव के मामले में चुनाव आयोग ने मुर्शिदाबाद के जिलाधिकारी/जिला चुनाव अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है।
2026-04-23T11:00
परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे अश्विन
मशहूर क्रिकेटर आर अश्विन अपने परिवार के लोगों के साथ चेन्नई में वोट डालने पहुंचे। वोट डालने के बाद अश्विन ने कहा कि उन्होंने तो अपना काम कर दिया है, अब बाकी लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी है।
2026-04-23T10:26
मुर्शिदाबाद में भिड़े TMC और AUJP के समर्थक
मुर्शिदाबाद में बम चलने की खबरों के बाद पहुंचे हुमायूं कबीर के साथ मौजूद AUJP समर्थकों और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई।
2026-04-23T09:44
बंगाल और तमिलनाडु में जबरदस्त वोटिंग
तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में जबरदस्त वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक ही तमिनलाडु में 17.69 प्रतिशत और पश्चिम बंगाल में 18.76 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं।
2026-04-23T09:43
उपचुनाव में कितनी हुई वोटिंग?
सुबह 9 बजे तक गुजरात की उमरेठ सीट पर 10 प्रतिशत वोट डाले गए हैं। वहीं, महाराष्ट्र के बारामती में 8.01 प्रतिशत और राहुरी में सिर्फ 6.39 प्रतिशत लोगों ने ही वोट डाले हैं।
2026-04-23T09:39
मुर्शिदाबाद में चले बम
मुर्शिदाबाद जिले के नवदा में कुछ अज्ञात लोगों ने बम फेंके जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
2026-04-23T09:37
विजय ने की मांग- रात 8 बजे तक हो वोटिंग
तमिलनाडु में पहली बार चुनाव में उतरे थलपति विजय ने मांग की है कि वोटिंग का समय दो घंटे तक बढ़ाया जाए और वोटिंग 8 बजे तक हो। मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखी एक चिट्ठी में विजय ने कहा है कि लोगों के दूर से आने और लंबी लाइनों के चलते वोटिंग का समय बढ़ा दिया जाना चाहिए।
2026-04-23T08:54
CM स्टालिन ने डाला वोट
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और कोलातुर से डीएमके के उम्मीदावर एमके स्टालिन ने राजधानी चेन्नई में अपना वोट डाला। उनके साथ उनके परिवार के सदस्य भी वोट डालने पहुंचे।
2026-04-23T08:54
सितारों की वोटिंग जारी
तमिलनाडु में सुपरस्टार कमल हासन, रजनीकांत और थलपति विजय ने सुबह-सुबह वोट डाले।
2026-04-23T08:29
परिवर्तन नहीं तो बंगाल का सनातन खत्म हो जाएगा- सुवेंदु अधिकारी
बीजेपी उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी ने कहा है, 'परिवर्तन होगा। अगर इस बार परिवर्तन नहीं हुआ तो पश्चिम बंगाल में सनातन खत्म हो जाएगा।'
2026-04-23T08:18
AIADMK सरकार बनाएगी- पलानीस्वामी
सलेम में वोट डालने पहुंचे पूर्व सीएम और AIADMK के राष्ट्रीय महासचिव ई के पलानीस्वामी ने कहा है, 'AIADMK इस बार भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।'
2026-04-23T08:02
मेरी पार्टी के उम्मीदवार खरीद रही TMC- हुमायूं कबीर
टीएमसी से अलग होकर पार्टी बनाने वाले हुमायूं कबीर ने कहा है, 'मैंने 142 उम्मीदवार उतारे थे और 25-26 कैंडिडेट टीएमसी में शामिल हो गए। टीएमसी टिकट बेच रही है और मेरी पार्टी के उम्मीदवारों को पैसे देकर उन्हें खरीदा जा रहा है। इस सबका जवाब 4 मई को मिलेगा। मैं किसी की बी या सी टीम नहीं हूं।'
2026-04-23T07:50
बारामती में वोट डालने पहुंचीं सुनेत्रा पवार
अजित पवार के निधन के बाद बारामती से उपचुनाव लड़ रहीं महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार गुरुवार सुबह बारामती के गंगूबाई कांटे जिला परिषद प्राइमरी स्कूल में बने बूथ पर वोट डालने पहुंचीं।
2026-04-23T07:31
वोट डालने पहुंचे पी चिदंबरम
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम तमिलनाडु के शिवगंगा में सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचे।
2026-04-23T07:28
कोई माहौल नहीं बिगाड़ पाएगा- सुवेंदु अधिकारी
मतदान से पहले बीजेपी के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है, 'हमें शांतिपूर्ण चुनाव की उम्मीद है कोई माहौल नहीं बिगाड़ने पाएगा क्योंकि पैरामिलिट्री फोर्स तैनात की गई है।'
2026-04-23T07:27
प्रधानमंत्री मोदी ने की वोटिंग की अपील
तमिनलाडु और पश्चिम बंगाल में मतदान से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके लोगों से अपील की है कि वे भारी संख्या में मतदान करें और रिकॉर्ड बनाएं। उन्होंने युवाओं और महिलाओं से खास अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में वोट डालें।
2026-04-23T07:02
वोटिंग से पहले मॉकपोल
दोनों ही राज्यों में मतदान शुरू होने से पहले पार्टियों के बूथ एजेंट के सामने मॉक पोलिंग करके दिखाई गई ताकि वे आश्वस्त हो सकें कि सबकुछ ठीक चल रहा है।
2026-04-23T07:01
3 सीटों पर उपचुनाव
पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में वोटिंग के अलावा आज गुजरात की एक और महाराष्ट्र की दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए भी मतदान हो रहे हैं। इसमें गुजरात की उमरेठ और महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा सीटें शामिल हैं।
