दिल्ली में विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार थम चुका है। 5 फरवरी को वोटिंग होने वाली है। दिल्ली के चुनाव में इस बार खूब 'शब्द बाण' चले। आम आदमी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) नेताओं को गुंडा बताया। अरविंद केजरीवाल के निशाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से ज्यादा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रहे।

अरविंद केजरीवाल ने गृहमंत्री अमित शाह की तस्वीरें जमकर इस्तेमाल कीं और उन्हें गुंडा बताया बताया। वजह यह है कि दिल्ली की पुलिस उनके हाथों में है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस पर चुनाव में पक्षपात करने का आरोप लगाया तो मुख्य चुनाव आयुक्त पर भी प्रलोभन के गंभीर आरोप लगाए। 

दिल्ली के चुनाव की सियासी लड़ाई कैसे लड़ी गई, आइए समझते हैं।

AAP के जुबानी हथियार क्या रहे?
आम आदमी पार्टी ने पुलिस पर बीजेपी का साथ देने का आरोप लगाया है। राजेंद्र नगर विधानसभा को लेकर आम आदमी पार्टी ने दावा किया कि आधी रात को बीजेपी प्रत्याशी उमंग बजाज के रिश्तेदार सूट, साड़ी और पैसे बांटते पाए गए। पुलिस ने उन्हें ही भगा दिया। आम आदमी पार्टी के नेता अपनी सभाओं में 'BJP के गुंडे' शब्द का इस्तेमाल खूब किया। चुनावी रैलियों में AAP BJP पर गुंडागर्दी के आरोप लगाती रही। AAP ने बीजेपी को 'गाली गलौच पार्टी' भी बताया है। AAP ने अरविंद केजरीवाल को 'दिल्ली का लाल' बताया तो नरेंद्र मोदी सरकार को 'दिल्ली का काल' बताया। AAP नेताओं ने बीजेपी नेताओं को 'गिद्ध' तक बता दिया। 

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी के खिलाफ BJP सांसदों ने पेश किया विशेषाधिकार हनन का नोटिस


BJP के जुबानी हथियार क्या रहे?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 3 जनवरी को चुनावी रैलियों की शुरुआत की थी। उन्होंने एक जनसभा में आम आदमी पार्टी को  'आपदा' सरकार बता दिया। बीजेपी के नेता अरविंद केजरीवाल को 'गद्दार और घोटालेबाज' बताते रहे। बीजेपी नेताओं ने अरविंद केजरीवाल को 'केजू' तक कहा और मीम्स बनाए कि 'आपदाओं के शार्क' से घिर गए हैं केजरीवाल। चुनाव में बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल को 'कूड़ा प्रेमी' भी कहा। उन्हें 'हरियाणा का गद्दार' भी बीजेपी नेता बताया। बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल को 'महाठग' भी कहा। बार-बार योजनाओं के ऐलान को लेकर बीजेपी ने पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल को 'घोषाणा मंत्री' भी बता दिया। 

यह भी पढ़ें- दिल्ली में चुनाव प्रचार का आखिरी दिन, किसने क्या कहा?

कांग्रेस ने कैसे लड़ी ये जंग?
कांग्रेस AAP और BJP से जंग लड़ रही है। कांग्रेस इस बार तीसरे मोर्च में है। कांग्रेस नेताओं ने दोनों नेताओं को 'ड्रामेबाज' बताया है। कांग्रेस ने कहा है कि दोनों पार्टियां भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। चुनावों के अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर डाले गए हैं। ज्यादातर वीडियो में नेता एक-दूसरे के खिलाफ संगीन आरोप लगाते नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल को 'झांसेबाज और फर्जीवाल' बताया है। कांग्रेस अरविंद केजरीवाल को 'प्रदूषण' तक बता दिया। कांग्रेस ने बीजेपी को 'जुमलेबाज पार्टी' कहा। अरविंद केजरीवाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों नेताओं को कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने 'दलित और संविधान विरोधी' तमगा भी दिया।