भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस वैसे तो धुर विरोधी पार्टियां हैं लेकिन अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ दोनों के सुर एक जैसे हैं। कांग्रेस भी अरविंद केजरीवाल को 'शीशमहल' पर घेर रही है, बीजेपी भी। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा है कि खुद को आम बताने वाले अरविंद केजरीवाल इतने खास हैं कि शीशमहल में रहते हैं। 

बीजेपी ने दावा किया है कि CAG रिपोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पूर्व आवास से संबंधित 139 सवाल उठाए हैं। बीजेपी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल के कई कामों का कच्चा-चिट्ठा CAG रिपोर्ट में सामने आएगा।

कांग्रेस-BJP के तंज एक जैसे हैं, ऐसा क्यों?
AAP सांसद संजय सिंह ने बीजेपी के आरोपों पर कहा है कि यह सिर्फ मुद्दों से ध्यान भटकाने की नीति है, बीजेपी चुनाव हार चुकी है, इसलिए ऐसे दावे कर रही है। कांग्रेस और बीजेपी के सुर अरविंद केजरीवाल पर एक जैसे हैं। दोनों दलों की ओर से अरविंद केजरीवाल पर हमले भी एक जैसे ही बोले जा रहे हैं। अरविंद केजरीवाल तो यहां तक कह चुके हैं कि बीजेपी और कांग्रेस को यह सार्वजनिक तौर पर ऐलान कर देना चाहिए कि दिल्ली विधानसभा चुनाव दोनों दल साथ मिलकर लड़ रहे हैं।

राजनीतिक विश्लेषक डॉ. प्रमोद उपाध्याय कहते हैं, 'दिल्ली में जिन मुद्दों पर आम आदमी पार्टी घिर सकती है, वे कॉमन ही रहेंगे। शीशमहल का मुद्दा कांग्रेस के लिए भी है, बीजेपी के लिए भी है। भ्रष्टाचार का मुद्दा भी दोनों के लिए एक जैसा है। यमुना की सफाई से लेकर स्वास्थ्य व्यवस्था तक पर बीजेपी-कांग्रेस एक जैसे ही आरोप लगाएंगे। दिलचस्प बात यह है कि अब कांग्रेस अरविंद केजरीवाल को देशद्रोही बता रही है, लगभग ऐसे ही आरोप बीजेपी की ओर से लगाए जाते हैं।'



BJP का क्या कहना है?
दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि साल 2022 की रिपोर्ट में शीशमहल पर 33.86 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं लेकिन असली लागत इससे कहीं ज्यादा है। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि यह रिपोर्ट 2022 तक के खर्च से संबंधित है। 2023 और 2024 के खर्च के बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है । हमारी जानकारी के अनुसार, अगर बंगले में मौजूद वस्तुओं की सूची को शामिल किया जाए तो वास्तविक लागत 75-80 करोड़ रुपये तक है।

शीशमहल पर घिरे हैं अरविंद केजरीवाल
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने अरविंद केजरीवाल को घेरना शुरू कर दिया है। अरविंद केजरीवाल फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सीएम आवास पर रहते थे। बीजेपी का कहना है कि उन्होंने इसमें करोड़ों रुपये खर्च कर दिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा था कि दिल्ली के बुनियादी ढांचे को सुधारने की जगह उन्होंने शीशमहल बनवा लिया।

BJP के आरोप क्या हैं?
वीरेंद्र सचदेवा ने आरोप लगाया है कि CAG ने 139 सवाल उठाए हैं और अरविंद केजरीवाल के काम का बहुत बारीकी से ब्योरा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगले की मरम्मत का काम दिल्ली शहरी कला आयोग और दिल्ली नगर निगम की अनुमति के बिना किया गया।

वीरेंद्र सचदेवाने कहा, 'एक मुख्यमंत्री ने अनधिकृत तरीके से बंगला बनवाकर दिल्ली को क्या संदेश दिया? अगर बंगले की वास्तविक लागत निर्धारित करनी है तो लोक निर्माण और अन्य विभागों के खातों की जांच करनी होगी।'

वीरेंद्र सचदेवा ने यह भी आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग ने बंगले के निर्माण के लिए सरकारी एजेंसी के रूप में काम करने के बजाय अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए निजी संगठन के तौर पर काम किया।

AAP का जवाब क्या है?
AAP के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि कैग की रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में आई है और अभी तक विधानसभा में पेश नहीं की गई है। बीजेपी अपनी बात को आगे बढ़ाने के लिए जाली दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने कहा, 'भारतीय जनता पार्टी का भ्रष्टाचार पर उपदेश देना ओसामा बिन लादेन द्वारा शांति का उपदेश देने जैसा है। CAG की रिपोर्टों ने भाजपा शासित अलग-अलग राज्यों में भ्रष्टाचार को उजागर किया है।'