दिल्ली विधानसभा चुनावों के नतीजों पर मशहूर कवि कुमार विश्वास की पत्नी मंजू शर्मा रो पड़ी हैं। कुमार विश्वास, दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बात कर रहे था। उन्होंने कहा कि एक महत्वाकांक्षी और अहंकारी व्यक्ति की वजह से अन्ना आंदोलन से पैदा हुए राजनीतिक आंदोलन की ऊर्जा मिल गई लेकिन दिल्ली को मुक्ति मिली।

कुमार विश्वास ने कहा, 'बीजेपी के लोगों की जीत मिली है, उन्हें बधाई। आम आदमी पार्टी के लाखों-करोड़ों कार्यकर्ता, जो अन्ना आंदोलन से आए, जिनके निश्छल-निष्पाप और भारत की राजनीति को बदलने की हत्या एक निर्लज, नीच आत्ममुग्ध, मित्र हंता और चरित्रहीन व्यक्ति ने की उसके प्रति क्या संवेदना। दिल्ली को उससे मुक्ति मिली। अब आम आदमी पार्टी में जो लोग बच गए थे, सत्ता में, लोभ में, पद की लालसा में उस पैसे के चक्कर में वे सब भी वापस लौटेंगे, कुछ पार्टियों में लौटेंगे।'

कुमार विश्वास ने कहा, 'आम आदमी पार्टी का प्रारंभ यहीं से हुआ है। मेरे लिए कोई प्रसन्नता और दुख का विषय नहीं है। प्रसन्नता इस बात की है  कि करोड़ों लोगों ने आशा लगाई थी। करोड़ों लोग नौकरियां छोड़कर आए थे, व्यवासय छोड़कर आए थे। उनकी हत्या एक चरित्रहीन व्यक्ति की महत्वाकांक्षा की वजह से हुई। उसे दंड मिला। प्रसन्नता इस बात की भी है कि न्याय हुआ है।'



यह भी पढ़ें: दिल्ली चुनाव नतीजों पर स्वाति और कुमार विश्वास का पोस्ट देखा क्या?

 

'रो पड़ीं कुमार विश्वास की पत्नी'
कुमार विश्वास ने कहा, 'जंगपुरा का निर्णय आया तो और सामने दिखाई दिया कि मनीष हार गया तो सदा तटस्थ रहने वाली और राजनीति से विरत रहने वाली मेरी पत्नी की आंखों में आंसू आ गए। वह रोने लगी। उसी से मनीष ने कहा था कि भाभी अभी तो है ताकत। उसी ने कहा था कि भइया ताकत सदा तो नहीं रहती। तो यह अहंकार बाकी दल नहीं करेंगे। दिल्ली के नागरिकों को अच्छे शासन के लिए बधाई देता हूं।'

 

कैसे बिगड़े थे दोनों के रिश्ते?
कुमार विश्वास आम आदमी पार्टी के पुराने नेता रहे हैं। मनीष सिसोदिया उनके बचपन के दोस्त थे, अरविंद केजरीवाल से भी उनकी दोस्ती थी। 28 सितंबर 2016 को भारतीय सेना ने पाकिस्तान के आंतकियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की थी, अरविंद केजरीवाल ने इस सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल खड़े किए थे।

कुमार विश्वास पर कथित तौर पर अरविंद केजरीवाल ने दबाव बनाया था कि वह सेना के इस ऑपरेशन को झूठा बताएं और सवाल उठाएं। कुमार विश्वास ने मना किया था। इस घटना के बाद से ही मनीष सिसोदिया, अरविंद केजरीवाल और कुमार विश्वास के रिश्ते हमेशा के लिए बदल गए। 

यह भी पढ़ें: LIVE: दिल्ली में BJP का 27 साल बाद कमबैक, AAP के दिग्गज हारे

ताकत का किस्सा क्या था?
किसी कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया ने कुमार विश्वास की पत्नी से कथित तौर पर कहा था कि अभी ताकत है। कुमार विश्वास की पत्नी ने कहा था कि भइया हमेशा ताकत नहीं रहती है, ताकत खत्म भी हो जाती है।

सत्ता परिवर्तन पर क्या बोले कुमार विश्वास?
कुमार विश्वास ने कहा, 'बीजेपी सत्ता में आ गई है। AAP के कार्यकर्ताओं ने ऐसे व्यक्ति का साथ दिया, जिसने अपने गुरु को और मित्र को धोखा दिया है। मुझे राघवेंद्र सरकार की कृपा मिली मैं तो इनसे बाहर आ गया। जो लोग पार्टी में बचे हैं, वे गंदगी का साथ छोड़ें, अपने-अपने व्यवसाय में लौटें। जैसे दुर्योधन का अंत टूटी जांघों के साथ हुआ था, वैसे ही इनका भी अंत हुआ है। देश इसे कलंकित अध्याय की तरह याद करेगा। अन्याय का अंत हुआ है। एक वैकल्पिक राजनीति सत्ता में आई थी, उसका दुखद अंत हुआ है।'