बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर (Sharad Kapoor) पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है। एक्टर ने फिल्म 'जोश', 'कारगिल एलओसी' और 'लक्ष्य' में एक्टिंग कर चुके हैं। 'जोश' में शाहरुख संग उनके काम को लोगों ने खूब पसंद किया था। शरद पर इस तरह का सनसनीखेज आरोप लगने से फैंस काफी हैरान है। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर एक्टर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एक्टर पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 75 और 79 के तहत केस दर्ज किया गया है। आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला?

 

शरद पर लगा महिला संग उत्पीड़न का आरोप

 

32 वर्षीय पीड़ित महिला ने अपनी शिकायत में बताया,' शरद कपूर ने उन्हें अपने घर पर फिल्म की शूटिंग से जुड़ी बात करने के लिए बुलाया था। उसने उन्हें अपने बेडरूम में बुलाया और गलत तरीके से टच करने लगा'। पीड़िता ने कहा, 'मैं किसी तरह से शरद को धक्का देकर वहां से भाग गई'।

 

महिला के वहां से जाने के बाद शरद ने उन्हें व्हाट्सएप पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए मैसेज किया। पीड़िता ने बताया कि वो फेसबुक के जरिए शरद से संपर्क में आई थी। इसके बाद उन दोनों के बीच कई बार वीडियो कॉल पर बात हुई थी।

 

शरद ने नहीं दिया कोई बयान

 

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ये घटना एक्टर के घर पर हुई है। पीड़िता के शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में शरद से जल्द पूछताछ करेगी। अभी तक शरद की तरफ से इस मामले में कोई बयान सामने नहीं आया है। 

 

टॉलीवुड एक्टर पर लगा था महिला संग शारीरिक शोषण का आरोप

 

बता दें कुछ दिनों पहले पुष्पा फेम टॉलीवुड एक्टर श्रीतेज पर महिला का शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का आरोप लगा था। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर एक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 69, 115 (2), 318 (2) के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता ने कहा था, श्रीतेज ने शादी की बात कहकर उनके साथ रिश्ता बनाया और उनसे 20 लाख रुपये लिए थे। महिला ने कहा था, उनके साथ रिश्ते में होने के बावजूद श्रीतेज एक अन्य महिला के साथ रिश्ते में था और उन दोनों का सात साल का बेटा भी है। श्रीतेज पर लगे इस आरोप से उनकी पत्नी अर्चना सिंह सदमे में आ गई और उनकी मौत हो गई।