बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर उनके मुंबई स्थित घर में हमला हुआ है और फिलहाल उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुंबई पुलिस ने पुष्टि की है कि एक चोर उनके घर में घुस आया और इस दौरान अभिनेता ने उनके साथ हाथापाई की। इसी दौरान वह घायल हो गए। मामले की जांच की जा रही है।
अस्पताल के सीईओ नीरज उत्तमानी के बयान के अनुसार, सैफ को सुबह 3-3:30 बजे भर्ती कराया गया था। उनके शरीर पर 6 चोटें आई है जिसमें से एक चोट उनकी रीढ़ के बहुत करीब लगी है। अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उनकी हालत कितनी गंभीर है।
सैफ अली खान का हो रहा ऑपरेशन
नीरज उत्तमानी ने बताया, 'सैफ अली खान को सुबह 3.30 बजे लीलावती (अस्पताल) लाया गया। उन्हें छह चोटें आई हैं, जिनमें से दो गहरी हैं। एक चोट उनकी रीढ़ के पास है। हम उनका ऑपरेशन कर रहे हैं। उनका ऑपरेशन न्यूरोसर्जन नितिन डांगे, कॉस्मेटिक सर्जन लीना जैन और एनेस्थेटिस्ट निशा गांधी कर रहे हैं। सर्जरी होने के बाद ही हम आगे का अपडेट दे पाएंगे।'
सैफ की टीम के एक बयान के अनुसार, उनके बांद्रा स्थित आवास पर चोरी करने की कोशिश की गई थी। बयान में कहा गया, 'सैफ अली खान के आवास पर चोरी का प्रयास किया गया था। इस समय उनका अस्पताल में सर्जरी हो रहा हैं। हम मीडिया और फैंस से अनुरोध करते हैं कि धैर्य रखें। यह पुलिस का मामला है। हम आपको स्थिति के बारे में अपडेट रखेंगे।'
यह भी पढ़ें: किन चीजों को लेकर सपोर्टिव नहीं है इंडस्ट्री, अभिषेक कपूर ने खोला राज
घर पर कौन-कौन था मौजूद?
अभिनेता के एक करीबी सूत्र ने बताया कि रात करीब 1 बजे सैफ अली खान के घर में एक चोर घुस आया। उसे घर के अंदर रहने वाली एक नैनी ने देखा और चिल्लाने लगी। चोर के हाथ में चाकू था। जब सैफ आवाज सुनकर बाहर आए, तो चोर ने उन पर हमला कर दिया। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय घर के अंदर और कौन था।
डीसीपी बांद्रा डिवीजन ने घटना की पुष्टि की और कहा, 'यह सच है। सैफ के घर चोरी का प्रयास रात करीब 2:30 बजे हुआ। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, उनकी हालत गंभीर नहीं है।'