एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का बॉलीवुड करियर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। वो आर्मी परिवार से आती हैं। अनुष्का ना ही फिल्में देखने को शौकीन थीं। ना ही कभी एक्ट्रेस बनना चाहती थीं। वो अपना करियर जर्नलिस्ट या फिर मॉडलिंग में बनाना चाहती थीं। अनुष्का अपने मॉडलिंग करियर के लिए मुंबई शिफ्ट हो गईं। उन्होंने कई हेयर ऑयल, शैंपू और जैवलरी के एड किए। उन्हें फैशन डिजाइनर वेंडेल रॉड्रिक्स ने अपने स्प्रिंग समर कलेक्शन 2007 के लिए फाइनल मॉडल के तौर पर चुना था। साल 2008 में उन्हें यशराज की फिल्म 'रब ने बना दी जोड़ी' मिल गई।
इस फिल्म में अनुष्का के साथ शाहरुख खान लीड रोल में थे। ये फिल्म सुपरहिट हुई थी। हालांकि करण जौहर नहीं चाहते थे कि फिल्म में अनुष्का को कास्ट किया जाए। लेकिन आदित्य चोपड़ा ने उन पर भरोसा जताया। इंटरव्यू में अनुष्का से पूछा गया था कि क्या वो कभी किसी लड़के के साथ डेट पर गई है? इसके जवाब में एक्ट्रेस ने कहा था, 'वो क्या होता है। मैं आर्मी बैकग्राउंड की लड़की हूं। मुझे आज तक किसी लड़के ने फूल और चॉकलेट नहीं दिया'।
अनुष्का ने कहा था अरेंज मैरिज करूंगी
क्या आप जानते हैं अनुष्का कभी भी लव मैरिज नहीं करना चाहती थी। उन्होंने अपने इंटरव्यू में कहा था कि मैं अरेंज मैरिज करूंगी। मुझे लगता है कि मेरे माता-पिता मेरे लिए अच्छा लड़का चुनेंगे। सिमी ग्रेवाल को दिए इंटरव्यू में अनुष्का ने कहा था कि वो कभी भी किसी फिल्म स्टार से शादी नहीं करेंगी। इसी के साथ अपने और रणवीर सिंह संग लव अफेयर की खबरों को अफवाह बताया था। उन्होंने कहा था, हम दोनों अच्छे दोस्त हैं। लेकिन रिलेशनशिप में कभी नहीं आ सकते हैं। हम दोनों दो बहुत अलग इंसान हैं।
कैसे हुआ विराट से प्यार
अनुष्का और विराट की पहली मुलाकात शैंपू के एड के लिए हुई थी। पहली मीटिंग के बाद दोनों की दोस्ती हुई। दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई। साल 2017 में कपल ने शादी कर ली। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा बॉलीवुड के पावर कपल्स में से एक हैं। दोनों की जोड़ी को फैंस बेहद पसंद करते हैं। कपल की एक झलक पाने के लिए फैंस बेताब रहते हैं। अनुष्का की वजह से विराट ने खुद को काफी बदला है। लोगों का कहना है कि लेडी लव के आने के बाद विराट की जिंदगी में काफी कुछ बदल गया है। कपल के दो बच्चे हैं।