कर्नाटक हाई कोर्ट ने रेणुकास्वामी मर्डर केस में सुपरस्टार दर्शन थुगुदीप को जमानत दे दी है। दर्शन को 6 हफ्तों की जमानत पर रिहा किया गया है। जस्टिस एस विश्वजीत शेट्टी की बेंच ने जमानत पर फैसला सुनाया है। दर्शन थुगुदीप की एक सर्जरी होनी है, जिसके लिए उन्हें जमानत दी गई है। जस्टिस एस विश्वजीत शेट्टी ने मंगलवार को ही उनकी जमानत याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया था।
दर्शन की ओर से सीनियर एडवोकेट सीवी नागेश पेश हुए थे। उनके खिलाफ पब्लिक प्रॉसीक्यूटर पी प्रसन्न कुमार थे। राज्य सरकार की ओर से सीलबंद लिफाफे में मेडिकल रिपोर्ट सौंपी गई थी। बेल्लारी केंद्रीय जेल के चिकित्सकों ने मेडिकल टेस्ट किया था। दर्शन इसी जेल में बंद हैं। न्यूरोलॉजी विभाग के हेड डॉक्टर की देखरेख में यह रिपोर्ट तैयार की गई थी।
दर्शन थुगुदीप को हुआ क्या है?
दर्शन के वकील सीवी नागेश ने कहा है कि दर्शन थुगुदीप के पैर सुन्न पड़ रहे हैं। दोनों पैरों में ये दिक्कत लगातार नी हुई है। उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में सर्जरी कराने की इजाजत दी जाए। मैसूर के एक प्राइवेट अस्पताल में ये सर्जरी कराई जाएगी। दर्शन की जमानत याचिका का सरकारी वकील ने विरोध किया। उन्होंने कहा कि संगीन आरोपों के चलते इन्हें जमानत नहीं मिलनी चाहिए। ये जांच प्रक्रिया प्रभावित कर सकते हैं। यह भी दलील दी गई कि रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि दर्शन की रिकवरी कितने दिनों में पूरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि सर्जरी तो सरकारी अस्पताल में भी हो सकती है। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पुर्व निर्णित एक फैसले का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट के पास यह अधिकार नहीं होता है कि एक विचाराधीन कैदी को निर्देश दे कि वह अपना इलाज कहां कराए।
मर्डर केस में कैसे आया दर्शन का नाम?
9 जून 2024 को एक लावारिस लाश सुमनाहल्ली रोड पर पड़ी मिलती है। एक सिक्योरिटी गार्ड लाश को देखकर चिल्लाता है। लाश एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स से दिख रही होती है। पुलिस इस केस में हत्या का मामला दर्ज करती है और छानबीन शुरू करती है। पैसों के लेनदेन में कहासुनी को लेकर 4 आरोपी पुलिस के सामने सरेंडर करते हैं। पुलिस को इस मर्डर केस में झोल नजर आता है और शक की सूइयां दर्शन तक जाती हैं। 11 जून को दर्शन, मैसूर के एक होटल में नजर आते हैं। उन्हें पुलिस पकड़ती है और बेंगलुरु भेजती है। पुलिस बताती है कि उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी गर्लफ्रैंड पवित्रा गौड़ा और 11 अन्य के खिलाफ मर्डर केस दर्ज होता है। उन पर सबूतों को मिटाने के भी आरोप लगते हैं। 16 जून को उन्हें कोर्ट में पेश किया जाता है।
गर्लफ्रैंड को भेजता था मैसेज, इसलिए मार डाला!
दर्शन की नई पहचान कैदी नंबर 6106 है। जिस शख्स की हत्या में उनका नाम आया है, वह उनका प्रशंसक था। उनकी गर्लफ्रैंड पवित्रा को लगातार मैसेज भेजता था कि वह उसके पसंदीदा स्टार की शादीशुदा जिंदगी तबाह कर रही है। रेणुकास्वामी न्यूड तस्वीरें भी भेजता था। दर्शन की पत्नी का नाम विजयलक्ष्मी है। दर्शन पर आरोप है कि वे अपने फैन क्लब में रेणुकास्वामी को मारने का प्लॉट रचते हैं। रेणुकास्वामी को पहले दर्शन के इशारे पर किडनैप किया गया फिर उनकी हत्या कर दी गई। आरोप ये भी हैं कि दर्शन ने खुद भी रेणुकास्वामी को बुरी तरह पीटा था।