रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक के उफा शहर में शनिवार को एक भयावह चाकूबाजी की घटना सामने आई, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रूस की एक मेडिकल यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के हॉस्टल में चाकू से हमला किया गया। इस हमले में चार भारतीय छात्रों समेत कई लोग घायल हो गए हैं। रूस की राजधानी मोस्को में स्थित भारतीय दूतावास ने शनिवार देर रात इस घटना की पुष्टि की।
भारतीय दूतावास ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण हमला करार दिया और बताया कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और घायल छात्रों की सहायता के लिए तत्काल कदम उठा रहा है। दूतावास ने पुष्टि की है कि घायल छात्रों को जल्द मदद और मेडिकल सहायता प्रदान की जा रही है। इस घटना ने विदेश में रह रहे छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता खड़ी कर दी है।
यह भी पढ़ें: भारत 500 बिलियन डॉलर में अमेरिका से क्या खरीदेगा? लिस्ट पर नजर डालिए
चाकू से किया हमला
बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक के उफा शहर में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी स्थित है। इस यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टूडेंट्स के लिए बने हॉस्टल कैंपस में एक संदिग्ध चाकू लेकर घुसा। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, उस युवक ने हॉस्टल में घुसकर अचानक कई छात्रों पर हमला शुरू कर दिया। उसने हॉस्टल में कई छात्रों को घायल कर दिया। इस दौरान हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई और छात्र इधर-उधर भागने लगे।
रूसी सरकार से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना की सूचना मिलने के बाद जब पुलिस हॉस्टल में पहुंची और उस युवक को गिरफ्तार करने की कोशिश की तो उसने पुलिस पर भी हमला किया। इस हमले में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले के दौरान आरोपी ने खुद को भी चोट पहुंचाई।
छात्रों में अफरा-तफरी
इस घटना के दौरान हॉस्टल में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय प्रशासन ने तुरंत इलाके को सील कर दिया और इमरजेंसी सेवाओं को एक्टिव कर दिया। हॉस्टल कैंपस से घालय छात्रों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, छात्र अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे। एक छात्र ने बताया, 'हमले के समय वहां चारों और खून फैल गया था और लोगों में डर फैल गया था।'
भारतीय छात्र भी घायल
इस हमले में चार भारतीय छात्र, दो पुलिसकर्मी और कई अन्य लोग घायल हो गए हैं। रूस में स्थित भारतीय दूतावास ने इस हमले पर सोशल मीडिया के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी। दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'उफा में एक दुर्भाग्यपूर्ण हमला हुआ है। इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं और घायलों में चार भारतीय छात्र भी हैं।' दूतावास ने बताया कि इस हमले की जानकारी मिलने के बाद से वे स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों के संपर्क में हैं। इस मामले में जल्द से जल्द सहायता भेजी जा रही है।
दूतावास ने यह स्पष्ट किया कि घायल छात्रों के इलाज और सुरक्षा के लिए तुर्की में स्थित कोजान के भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी उफा के लिए रवाना हो गए हैं। उन अधिकारियों का काम घायल छात्रों का अस्पताल में हाल-चाल लेना और उनके परिवारों को सूचित करना होगा। इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ तालमेल बैठाकर मदद पहुंचाना होगा।
घायलों की हाल नाजुक
इस हमले में हमलावर ने कई छात्रों पर हमला किया। इन सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है। अस्पतालों में भर्ती किये गए छात्रों में से कुछ की हालत स्थिर है, जबकि कुछ की हालत नाज़ुक बताई जा रही है। भारतीय दूतावास की ओर से कहा गया है कि सभी घायल छात्रों को उचित मेडिकल हेल्प दी जा रही है।
क्यों किया हमला?
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और रूस की जांच एजेंसियों के अनुसार, संदिग्ध हमलावर 15 साल का नाबालिग लड़का था, जिसे तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर बतायी जा रही है।
रूस के स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, चाकूबाजी के दौरान घायल चार में से एक व्यक्ति की हालत गंभीर है, जबकि बाकी तीन की स्थिति स्थिर लेकिन चिंताजनक है। संदिग्ध ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर लिया और उसे बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय समाचार चैनलों और सोशल मीडिया रिपोर्टों में यह दावा भी किया जा रहा है कि हमलावर का किसी प्रतिबंधित संगठन से संबंध था, और उसने हमले के दौरान आपत्तिजनक नारे लगाए। हालांकि इस बात की पुष्टि अब तक रूसी अधिकारियों ने आधिकारिक रूप से नहीं की है।
यह भी पढ़ें: देशभर में आज कैसा रहेगा मौसम का मिजाज? बारिश और बर्फबारी की संभावना
हमले की जांच शुरू
घटना के तुरन्त बाद पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन सक्रिय हो गए और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। स्थानीय अधिकारियों ने कहा है कि इस घटना की हाई लेवल जांच शुरू कर दी गई है ताकि हमले के कारणों और परिस्थितियों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। स्थानीय प्रशासन ने यह भी कहा कि यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है और छात्रों के साथ-साथ कर्मचारियों को सुरक्षा निर्देश दिए जा रहे हैं। इस तरह की घटना पहले नहीं हुई थी, लेकिन इस हमले के बाद यूनिवर्सिटी ने कैंपस में और हॉस्टल में सुरक्षा बढ़ा दी है।
