बोलीविया की राजधानी ला पाज के पास स्थित एल ऑल्टो शहर में 28 फरवरी (शुक्रवार) को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। बोलिवियन एयर फोर्स (FAB) का एक C-130 हरक्यूलिस विमान, जो सांता क्रूज शहर से आ रहा था। वह ला पाज के पास स्थित एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड करने वाला था। लैंडिंग के समय रनवे पर नियंत्रण खो बैठा। खराब मौसम के कारण विमान रनवे से फिसलकर पास की एक सड़क पर जा गिरा। लोकल मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इस हादसे की चपेट में आने से अब तक 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।
इस हादसे में 30 से ज्यादा लोग जख्मी बताए जा रहे हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, प्लेन सड़क पर चल रहे कई गाड़ियों से जा टकराया और इस कारण जान-माल का काफी नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: 'शहबाज शरीफ और आसिम मुनीर महान हैं...,' पाकिस्तान-अफगानिस्तान की जंग पर ट्रंप
हादसे के बाद क्या आया सामने?
लोकल मीडिया में आई जानकारी के अनुसार सेना का विमान बोलीविया के सेंट्रल बैंक के नए नोट लेकर जा रहा था। चुंकि हादसे के समय एल ऑल्टो शहर में मौसम काफी खराब था जिस कारण यह प्लेन हादसे का शिकार हो गया। विमान रनवे से फिसलकर सीधे कोस्टानेरा एवेन्यू सड़क पर आ गया, जिससे वहां मौजूद कई गाड़ियां इसकी चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
टक्कर के बाद प्लेन में आग लग गई। आग की वजह से यह पूरी तरह से जलकर नष्ट हो गया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान में क्या अमेरिका की जंग लड़ रहा पाकिस्तान? बगराम कनेक्शन जान लीजिए
एयरपोर्ट किया गया बंद
इस दुर्घटना के तुरंत बाद एल ऑल्टो इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। देश की मुख्य एयरलाइन बोलीवियाना डी एविएशन ने साफ किया है कि यह विमान उनके बेड़े का हिस्सा नहीं था बल्कि वायुसेना का था।
फिलहाल स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। हालांकि, अभी तक सरकार या सेना की ओर से इस हादसे के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
