अमेरिका में प्लेन और सेना के हेलिकॉप्टर में हुए भीषण टक्कर में एक नया अपडेट सामने आया है। वाशिंगटन डीसी ने पुष्टि की कि इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 64 यात्री और क्रू मेम्बर की मृत्यु हो गई है। यह टक्कर तब हुई जब यात्री विमान एयरपोर्ट पर लैन्डिंग करने जा रहा था। इसके बाद विमान और हेलिकॉप्टर टूटकर नदी में गिरे।
कैसे हुई थी दुर्घटना?
हादसा तब हुआ जब यात्री विमान रीगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी एयरलाइन का यह यात्री विमान कंसास से वॉशिंगटन आ रहा था। हादसा स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे हुआ। हादसे के विडिओ में देखा जा सकता है कि यात्री विमान जब लैंड करने वाला था, तभी पीछे से अमेरिकी सेना के हेलिकॉप्टर 'ब्लैकहॉक' से उसकी टक्कर हो गई। इस टक्कर के बाद दोनों पोटोमैक नदी में जा गिरे।
एक चश्मदीद ने स्थानीय मीडिया को बताया कि ऐसा लगा कि जैसे एक आग का गोला नदी में गिर रहा है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस टक्कर के बाद यात्री विमान दो हिस्सों में टूटकर नदी में गिर गया। इस विमान में 4 क्रू मेंबर समेत 60 यात्री सवार थे। वहीं, ब्लैकहॉक हेलिकॉप्टर में अमेरिकी सेना के 3 जवान थे।
हादसे के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन
इस हादसे के बाद सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया था। बोट और गोताखोरों की मदद से शवों को ढूंढा जा रहा है। कड़ाके की ठंड ने रेस्क्यू ऑपरेशन को मुश्किल बना दिया है। मीडिया रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि सर्च टीम को अब तक प्लेन से 27 और हेलिकॉप्टर से 1 शव बरामद हो चुका है और बाकी शवों की खोज जारी है।
इस भयानक दुर्घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस हादसे पर नजर बनाए हुए हैं। ट्रंप ने बताया कि उन्हें हादसे को लेकर सारी ब्रीफिंग मिल गई है। उन्होंने इस हादसे में जान गंवानों को लेकर दुख जताया है। ट्रंप ने ये भी कहा कि वो हालातों पर नजर बनाए हुए हैं।