क्रिसमस का समय नजदीक है और तमाम देशों के लोग इन दिनों शॉपिंग कर रहे हैं। जर्मनी के मैगडेबर्ग में भी शुक्रवार की शाम लोग इसी तरह से शॉपिंग करने निकले थे लेकिन कुछ लोगों के लिए यह आखिरी दिन साबित हुई। क्रिसमस के मौके पर लगे एक बाजार में खरीदारी कर रहे लोगों पर एक शख्स ने बेतहाशा स्पीड में कार चढ़ा दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि दो लोगों की मौत वहीं पर हो गई और 68 लोग घायल हो गए हैं। कार चला रहे शख्स की पहचान सऊदरी अरब के डॉक्टर के रूप में हुई है। कार चला रहे इस शख्स को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है।

 

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बेहद ज्यादा स्पीड में चल रही कार बाजार में खरीदारी कर रहे लोगों पर चढ़ती चली जाती है। देखते ही देखते जमीन पर लोग ही लोग पड़े होते थे। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि कम से 15 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, 3 दर्जन से ज्यादा लोगों को मध्यम चोटें आई हैं और 16 लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। जान गंवाने वालों में एक छोटा बच्चा भी शामिल है।

क्या बोली जर्मन सरकार?

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम के अलावा जर्मनी की इमरजेंसी रेस्पॉन्स टीम, 50 रेस्क्यू कर्मी और फायर ब्रिगेड के 100 जवानों को घटना स्थल पर भेजा गया। इस घटना पर जर्मनी सरकार की आंतरिक मामलों की मंत्री नैन्सी फीजर ने हैरानी जताई है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि इस 'हमले' की जांच की जाएगी और इसके पीछे के मकसद का भी पता लगाया जाएगा।

 

हमले में एक अकेला डॉक्टर ही शामिल था ऐसे में इसे बड़ा खतरा नहीं माना जा रहा है। हालांकि, स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने अपने स्तर पर इस मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी डॉक्टर से भी पूछताछ की जा रही है। बताया गया है कि कार चला रहा शख्स लगभग दो दशक से जर्मनी में ही रह रहा है।

सऊदी अरब ने क्या है?

 

इस घटना के बाद सऊदी अरब ने भी दुख जताया है। सऊदी के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आधिकारिक बयान में कहा गया है, 'जर्मनी के मैगडेबर्ज में हुई घटना को लेकर सऊदी किंगडम दुख जाता है। दुख के इस वक्त में सऊदी जर्मनी के लोगों और उनके परिवार के साथ खड़ा है। हम हिंसा की ऐसी घटनाओं की निंदा करते हैं और कामना करते हैं कि इस घटना में घायल हुए लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।