ईरान-अमेरिका-इजरायल युद्ध एक नए मोड़ पर पहुंच चुका है। इजरायल के हमले में ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कार्प्स के इंटेलिजेंस के चीफ माजिद खादेमी की जान चली गई है। ईरान ने इस बात को स्वीकार भी कर लिया है। गार्ड्स ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक पोस्ट में कहा, 'इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर के इंटेलिजेंस संगठन के पावरफुल और एजुकेटेड प्रमुख, मेजर जनरल माजिद खादेमी, आज भोर में अमेरिकी-ज़ायोनी दुश्मन द्वारा किए गए एक आपराधिक आतंकवादी हमले में शहीद हो गए।'

 

माना जा रहा है कि खादेमी की मौत ने ईरान के ऊपर दबाव और ज्यादा बढ़ा दिया है। रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के खुफिया संगठन के प्रमुख माजिद खादेमी की मौत की घोषणा सोमवार को ईरानी सरकारी मीडिया द्वारा की गई। हालांकि, इसके बारे में कोई ज्यादा विवरण नहीं दिया गया।

 

यह भी पढ़ें: हमले से कांप गया ईरान, तेहरान के रिहायशी इलाके में एयरस्ट्राइक; 13 लोगों की मौत

 

दोनों तरफ से हमले जारी

आपस में लड़ रहे दोनों पक्षों ने अपने हमलों का सिलसिला जारी रखा है। जहां एक तरफ़ ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों ने इज़रायल, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात को निशाना बनाया है, वहीं दूसरी तरफ़ इज़रायली हमलों ने ईरान और लेबनान के उन बड़े हिस्सों को निशाना बनाया, जहां वह तेहरान-समर्थित हिज़्बुल्लाह से लड़ रहा है। ईरान ने कहा है कि अगर अमेरिका सिविलियन एरिया पर हमले करना नहीं छोड़ेगा तो ईरान और ज्यादा हमले करेगा।

 

यह खबर उस समय आई है जब ईरान और अमेरिका को एक प्रस्तावित फ्रेमवर्क मिला है, जिसका मकसद दोनों के बीच लड़ाई खत्म करना है। रॉयटर्स ने एक सूत्र के हवाले से यह खबर दी है, जो इस मामले से वाकिफ है। यह प्रस्ताव अगर लागू होता है तो इससे होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) दोबारा खुल सकता है, जो दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण तेल और ऊर्जा शिपिंग रूट है।

तैयार हुआ है प्लान

सूत्र ने बताया कि तनाव कम करने का प्लान रात भर में तैयार किया गया और ईरान व अमेरिका के बीच भेजा गया। इसमें दो चरणों का तरीका है। पहले तुरंत युद्धविराम (ceasefire), उसके बाद एक ज्यादा व्यापक समझौता।

 

इस फ्रेमवर्क को पाकिस्तान ने तैयार किया है और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने के प्रयासों का हिस्सा बनाकर शेयर किया गया है। सूत्र ने कहा, ‘सभी बातें आज ही तय होनी चाहिए।’ शुरुआती समझौते को इलेक्ट्रॉनिक तरीके से एमओयू के जरिए औपचारिक रूप दिया जाएगा और पाकिस्तान इस चर्चा में एकमात्र संपर्क चैनल के रूप में काम कर रहा है।

 

(खबर अपडेट की जा रही है।)