राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की माफी और पड़ोसी देशों पर हमला न करने वाले बयान के बावजूद ईरान ने रविवार को यूएई पर 17 बैलेस्टिक मिसाइल और 117 ड्रोन से हमला किया। संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम ने 17 बैलिस्टिक मिसाइलों में से 16 को तबाह कर दिया है। एक मिसाइल समुद्र में जा गिरी। वहीं 117 ड्रोन में से 113 को रोक दिया गया। चार ड्रोन देश की सीमा में घुसने में कामयाब रहे।
मंत्रालय के मुताबिक युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान 1422 ड्रोन से हमले कर चुका है। इनमें से 1342 ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। वहीं 80 ड्रोन सुरक्षा को भेदने में कामयाब रहे। वहीं आठ क्रूज मिसाइलों को भी मार गिराया गया है। ईरान के हमलों में चार लोगों की जान जा चुकी है। मृतकों में पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं। कई देशों के 112 से अधिक नागरिक घायल हैं।
यह भी पढ़ें: भारत की ओर दोस्ती का हाथ बढ़ा रहा चीन, कहा-विरोधी नहीं साझेदार हैं
यूएई में एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि एयर डिफेंस अभी ईरान से आने वाली मिसाइलों और ड्रोन का जवाब दे रहे हैं। जो आवाजें सुनाई दे रही हैं, वे एयर डिफेंस सिस्टम के मिसाइलों और ड्रोन को रोकने का नतीजा हैं।
क्लस्टर बम हमले में छह घायल
उधर, इजरायल ने भी ईरान की तरफ से मिसाइल हमले की सूचना दी है। इजरायली सेना ने कहा कि एयर डिफेंस खतरे से निपटने में जुटे हैं। ईरान के कस्टर बम बमले में इजरायल के छह लोग घायल हुए हैं। इनमें से एक की हालत नाजुक है। इस बीच, इजरायली सेना ने लेबनान की राजधानी बेरुत स्थित एक होटल में पर हमला किया। इसमें चार लोगों की जान गई है। 10 अन्य लोग घायल हैं।
यह भी पढ़ें: एफ-14 विमान तबाह, तेहरान में दिन में रात; इजरायल ने कैसी तबाही मचाई?
पहली बार ईरान की तेल सुविधाओं पर हमला
ईराक के कुर्दिश क्षेत्र की राजधानी एरबिल में भी धमाके की खबर है। इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच नावें दिन का युद्ध जारी है। ईरान में अब तक 1300 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। शनिवार की रात पहली बार अमेरिका और इजरायल ने तेहरान और अल्बोर्ज प्रांत में स्थित चार तेल भंडारण सुविधाओं और एक तेल उत्पादन ट्रांसमिशन केंद्र पर भीषण बमबारी की। ईरानी मीडिया के मुताबिक हमलों में चार लोगों की मौत हुई है। तेहरान के ऊपर काले धुएं की चादर फैली है।
अमेरिकी दूतावास के पास धमाका
मध्य पूर्व में जारी जंग की आग अब यूरोप तक फैलती दिख रही है। नार्वे की राजधानी ओस्लो स्थित अमेरिकी दूतावास के बाद शनिवार की रात बड़ा धमाका हुआ। नार्वे पुलिस का मानना है कि यह एक आंतकी हमला भी हो सकता है। हालांकि इसमें कोई घायल या हताहत नहीं हुआ है।
