फ्रांस की राजधानी पेरिस के मशहूर लूवर म्यूजियम में ताला लगा है। वहां चोरी की ऐसी वारदात हुई है, जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। चोरों ने फ्रांस के शाही परिवार के बेशकीमती गहनों को चुरा लिया है। ये गहने, 19वीं सदी में बने थे और बेहद कीमती थे। पेरिस पुलिस ने अस्थाई तौर पर संग्रहालय को बंद कर दिया है। धूम सीरीज की फिल्मों की तरह चोर आए और अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से चोरी करके फरार हो गए। 

चोरों ने चोरी भी दिनदहाड़े की है। चोर पावर टूल्स लेकर आए थे, म्यूजियम में पहुंचे और चोरी करने के बाद स्कूटर पर बैठकर फरार हुए।यह वारदात 10 मिनट से भी कम वक्त में हुआ था। रविवार को स्थानीय समय के हिसाब से सुबह 9.30 पर चोर दाखिल हुए और 9.40 तक चोरी करके फरार हो गए। यह वही वक्त था, जब लोग म्यूजियम में इन मशहूर गहनों को देखने के लिए दाखिल हुए थे। 

यह भी पढ़ें: ज्यादा बच्चे, जीरो टैक्स; पोलैंड में नया नियम, 2 बच्चे वालों को टैक्स से छुट्टी

तगड़ी सिक्योरिटी, फिर कैसे चोरी हुई?

चार चोर हाइड्रोलिक लिफ्ट वाले एक ट्रक से आए थे। उन्होंने सीन नदी के पास म्यूजियम की बालकनी के पास गाड़ी रोकी। वहां से वे गैलरी ऑफ अपोलो तक दाखिल हुए। तस्वीरों में भी नजर आ रही है कि वे पहली मंजिल की खिड़की तक सीढ़ी ले जा रहे हैं। 

चोर गैलरी तक डिस्क कटर लेकर दाखिल हुए थे। उन्होंने वहीं से शीशे को काटा और सीधे म्यूजियम में दाखिल हो गए। सुरक्षाकर्मी दौड़कर उन्हें रोकने के लिए लेकिन उन्होंने वहां मौजूद लोगों को धमका दिया। गार्ड इमारत खाली करके भागे, चोरों ने अंदर से कांच के दो बॉक्स तोड़े और गहने निकाल लिए। 

यह भी पढ़ें: हवाई हमले, बमबारी और दर्जनों मौतें; तत्काल सीजफायर के लिए कैसे माने PAK-तालिबान?

क्या चोरी हुई है?

चोरों ने 8 गहने चुराए हैं, जो शाही परिवार से जुड़े हैं। शाही मुकुट, नेकलेस, कानों की बालियां और ब्रोच चोर लेकर फरार हो गए। ये गहने 19वीं सदी के हैं, जब फ्रांस में शाही परिवार की स्थिति बेहद मजबूत थी। फ्रांस के संस्कृति मंत्रालय तक ने कहा है कि चोरी हुई है। 

  • महारानी मेरी लुइज के पन्ने का हार और बालियां
  • नेपोलियन की तीसरी पत्नी महारानी यूजीन का ताज
  • रिलिक्वेरी ब्रोच
  • महारानी मेरी अमेलि औऱ हार्तेंस के नीलम के सेट का ताज 


कैसे हैं ये गहने?

गहनों में हजारों हीरे लगे हैं। कुछ टूटी हुई चीजें भी मिलीं हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चोरी किए गए सामानों की कीमत अरबों में है। फ्रांस के गृह मंत्रालय ने कहा है कि ये गहने बेशकीमती हैं और अहम सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र हैं। 

कहां सो रहे थे सुरक्षाकर्मी?

चोरी की वारदात के वक्त संग्रहालय का अलार्म बजा, कर्मची वहां पहुंचे, सुरक्षाकर्मी भी पहुंचे लेकिन ह सब इतने कम वक्त में हुआ कि किसी को कोई मौका ही नहीं मिला।  उन्होंने पहले वहां पहुंचे लोगों को बाहर निकलना ठीक समझा। 

संस्कृति मंत्री, फ्रांस, राशिदा दाती:- 
नकाबपोश बेहद चुपके से म्यूजियम में घुसे और शो केस तोड़ते नजर आए। बिना किसी हिंसा के उन्होंने बेहद पेशेवर तरीके के अंजाम दिया। वे अनुभवी चोर थे, कम वक्त में ही स्कूटर चलाकर भाग गए।

अब आगे क्या?

यह चोरी सिर्फ 7 मिनेट में हुई है। पेरिस पुलिस के लिए यह वारदात शर्मनाक है। जगह-जगह सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। जहां चोरी की वारदात हुई है, वहां कई बार चोरियां हो चुकी हैं। साल 1911 में यहां से लियोनार्डो द विंची की कृति मोनालिसा भी चोरी हुई थी। पुलिस ने पिकासो तक से पूछताछ की थी।