अलास्का में गुरुवार को गायब हुआ एक विमान मिल चुका है, जिसमें 9 यात्री और एक पायलट सवार था। सीएनएन ने बताया कि विमान में सवार कोई भी व्यक्ति जीवित नहीं है। अमेरिकी तटरक्षक बल अलास्का के अनुसार, छोटा यात्री विमान शुक्रवार को नोम से लगभग 34 मील दक्षिण-पूर्व में पाया गया। 

 

यूएससीजी लेफ्टिनेंट कमांडर माइक सालेर्नो ने कहा कि दो बचाव तैराकों ने विमान के अंदर तीन शवों की पहचान की है और सात अन्य मलबे में दबे हो सकते हैं। दरअसल, एक बेरिंग एयर फ्लाइट ने गुरुवार को अलास्का के उन्नीलक्लीट शहर से स्थानीय समयानुसार दोपहर 2.37 मिनट पर उड़ान भरी थी लेकिन कुछ ही मिनटों के बाद यानी करीब 3.16 मिनट पर विमान अपनी रडार से गायब हो गया। इसमें एक पायलट समेत कुल 10 लोग सवार थे। 

 

 

विमान के अंदर 3 मृत पाए गए, बाकी 7 कहां?

सोशल मीडिया एक्स पर लापता विमान की तस्वीर शेयर करते हुए, तटरक्षक बल ने लिखा, 'USCG ने लापता विमान की खोज समाप्त कर दी है, क्योंकि विमान नोम से लगभग 34 मील दक्षिण-पूर्व में पाया गया। विमान के अंदर 3 व्यक्ति पाए गए और बताया गया कि वे मृत हैं।  इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं हैं।'

 

खराब मौसम के कारण विमान की खोज धीमी कर दी गई थी, जिससे लापता विमान का पता लगाना मुश्किल हो गया था। हालांकि, अब विमान का पता चल गया है तो अग्निशमन विभाग ने शुक्रवार को विमान में सवार सभी यात्रियों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। इसको लेकर कोई नाम जारी नहीं किया गया है।

 

यह भी पढ़ें: ट्रंप का बड़ा फैसला, बाइडेन की सिक्योरिटी क्लीयरेंस की गई रद्द; क्यों

अलास्का में होती हैं अधिक विमान दुर्घटनाएं?

बता दें कि अलास्का में पहाड़, घने जंगल, और विशाल बर्फीले इलाके हैं, जहां लैंडिंग और टेकऑफ करना मुश्किल होता है। कई जगहों पर सिर्फ हवाई मार्ग से ही पहुंचा जा सकता है, जिससे छोटे विमानों का उपयोग अधिक होता है। यहां अचानक बदलने वाले मौसम, तेज़ हवाएं, बर्फबारी, और कम दृश्यता अक्सर विमान दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। बर्फीले तूफान और घना कोहरा पायलटों के लिए नेविगेशन को कठिन बना देते हैं।