अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रही जंग को एक महीना पूरा हो गया है लेकिन दुनिया अभी तक ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को सार्वजनिक रूप से नहीं देख पाई है। आयतुल्लाह मोजतबा खामेनेई ने कई बयान और संदेश जारी किए हैं, लेकिन वह अभी तक लोगों के सामने नहीं आए हैं।
कुछ अफवाहें यह भी चल रही हैं कि मोजतबा जख्मी हैं और रूस में उनका इलाज चल रहा है। कहा जा रहा है कि यह चोट उनको अमेरिका और इजरायल के हमलों में लगी थीं लेकिन रूस के ईरान में राजदूत ने स्थानीय मीडिया से बात करते हुए कहा कि मोजतबा खामेनेई ईरान में ही हैं लेकिन वह क्यों सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आ रहे है यह समझा जा सकता है।
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट तनाव के बीच कई देशों ने लागू की राशनिंग, क्या होती है यह व्यवस्था?
28 फरवरी को मारे गए थे खामेनेई
मोजतबा खामेनेई ने अपने पिता आयतुल्लाह अली खामेनेई की जगह ली है। उनके पिता 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमले में मारे गए थे। अमेरिका ने कहा था कि आयतुल्लाह बुरी तरह घायल हुए थे और उनका चेहरा शायद पूरी तरह से बिगड़ गया था। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार कहा कि सुप्रीम लीडर हमलों में मारे गए होंगे, लेकिन तेहरान ने इन दावों से इनकार करता रहा था।
इस महीने की शुरुआत में ईरान के मॉस्को में राजदूत ने भी खबरों को खारिज किया था कि खामेनेई को उनके इलाज के लिए रूस ले जाया गया था। मोजतबा खामेनेई के सार्वजनिक रूप से न दिखने के कारण खुफिया एजेंसियां जैसे सीआईए और मोसाद उनको ढूंढ रही हैं।
रूस और चीन की भूमिका
अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने मंगलवार को एक ब्रीफिंग में कहा कि अमेरिका, रूस और चीन की ईरान के साथ भूमिका पर नजर रख रहा है। मॉस्को ने ईरान की मदद करने की खबरों से इनकार किया है, लेकिन हेगसेथ ने कहा, 'हम जानते हैं कि रूस और चीन ईरान के साथ क्या कर रहे हैं।'
जंग में कोई ठहराव नहीं
जंग शुरू हुए एक महीना बीत गया है, लेकिन अभी सीजफायर (युद्धविराम) के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। वाशिंगटन ने कहा कि ईरान के साथ बातचीत मजबूत हो रही है लेकिन ईरान ने किसी भी बातचीत से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें: 'जहां मिलेगा खरीदेंगे', मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच क्या अब रूस से LPG खरीदेगा भारत?
ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा स्थलों और पावर प्लांट पर हमले 6 अप्रैल तक रोकने की घोषणा की थी लेकिन मंगलवार सुबह अमेरिका ने ईरान के शहर इस्फाहान पर 960 किलोग्राम के बंकर बस्टर बम से हमला किया।
