ईरान की अमेरिका और इजरायल के साथ चल रही टेंशन के बीच उत्तर कोरिया ने रविवार को समुद्र की तरफ कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी हैं। इस कदम के बाद पूर्वी एशिया में तनाव बढ़ गया है। दक्षिण कोरिया और जापान ने यह जानकारी देते हुए हाई अलर्ट जारी कर दिया।
दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (JCS) ने बताया कि ये उत्तर कोरिया ने यह मिसाइल लॉन्च सुबह पूर्वी सिनपो क्षेत्र से किया। जेसीएस ने बताया कि दक्षिण कोरिया ने अपनी निगरानी व्यवस्था मजबूत की है। साथ वह अमेरिका और जापान के साथ करीबी बातचीत कर रहा है।
यह भी पढ़ें: क्या है येलो लाइन जिसको पार करते ही इजरायल ठोक देगा? गाजा के बाद लेबनान में बनाई
इमरजेंसी बैठक बुलाएगा दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि उसकी राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने इन प्रक्षेपणों पर चर्चा के लिए इमरजेंसी बैठक बुलाएगी। वहीं, जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी इन मिसाइल लॉन्च की पुष्टि करते हुए कहा कि ऐसा माना जा रहा है कि ये हथियार उत्तर कोरिया के पूर्वी तट के पास समुद्री क्षेत्र में गिरे। उसने कहा कि जापान ने उत्तर कोरिया के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें: कभी खुला, कभी बंद, कभी फायरिंग, होर्मुज पर ईरान चाहता क्या है?
क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा
जापान ने कहा कि ये प्रक्षेपण क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए खतरा हैं और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उन प्रस्तावों का उल्लंघन करते हैं जिनके तहत उत्तर कोरिया की किसी भी बैलिस्टिक गतिविधि पर रोक है। उत्तर कोरिया ने पिछले हफ्ते कहा था कि उसके नेता किम जोंग उन ने देश के विध्वंसक युद्धपोत से मिसाइल परीक्षणों की निगरानी की। इस परीक्षण के बाद किम ने कहा था कि उनकी सरकार का ध्यान अपने परमाणु बलों के असीमित विस्तार पर केंद्रित है।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल ग्रॉसी ने भी पिछले सप्ताह कहा था कि उनकी एजेंसी ने उत्तर कोरिया के परमाणु केंद्रों में गतिविधियों में तेज बढ़ोतरी की पुष्टि की है।
