फरवरी 2026 के पहले दिन से आपके रोजमर्रा के खर्चों और वित्तीय मामलों में कई महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहे हैं। ये बदलाव सीधे आपकी जेब पर असर डाल सकते हैं, क्योंकि रविवार को ही केंद्रीय बजट 2026-27 भी संसद में पेश किया जाएगा।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे बजट भाषण देंगी और इसमें टैक्स, सब्सिडी या अन्य घोषणाएं हो सकती हैं जो आम आदमी की जिंदगी को प्रभावित करें।इसके अलावा, 1 फरवरी से कुछ अन्य नियम और कीमतें भी अपडेट हो रही हैं। समझते हैं कि 1 फरवरी से क्या क्या बदलाव हो सकते हैं-
यह भी पढेंः निर्मला सीतारमण पेश करेंगी बजट, सामने होंगी कौन सी चुनौतियां?
LPG सिलेंडर की कीमतें
हर महीने की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियां (जैसे इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम आदि) रसोई गैस की कीमतों की समीक्षा करती हैं। कल यानी 1 फरवरी को घरेलू और कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई दरें घोषित होने की संभावना है। ये कीमतें बढ़ सकती हैं, घट सकती हैं या स्थिर रह सकती हैं। हाल के महीनों में 19 किलो कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत में उतार-चढ़ाव देखा गया है। पिछले महीने इसे 14.50 रुपये कम किया गया था। अगर कीमतें बढ़ती हैं, तो रसोई का खर्च बढ़ सकता है।
CNG, PNG की कीमतें
बजट के साथ ही CNG (वाहनों के लिए), PNG (पाइपलाइन गैस) और एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में बदलाव की उम्मीद है। अगर ये बढ़ती हैं, तो घरेलू गैस बिल, वाहन ईंधन और हवाई यात्रा के किराए प्रभावित हो सकते हैं।
FASTag के नियम
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने बड़ा फैसला लिया है। 1 फरवरी से नई FASTag जारी करने पर कोई अतिरिक्त KYC या Know Your Vehicle (KYV) वेरिफिकेशन की जरूरत नहीं पड़ेगी। अब FASTag जारी करने वाले बैंक ही पहले से वाहन की सभी जांच (VAHAN डेटाबेस के जरिए) पूरी करेंगे। इसलिए एक्टिवेशन के बाद इसे तुरंत इस्तेमाल कर सकेंगे। पुराने FASTag पर भी सामान्य मामलों में KYV अब अनिवार्य नहीं रहेगा। इससे टोल प्लाजा पर आसानी होगी।
सिगरेट, पान मसाला महंगे
सरकार ने इन ‘सिन गुड्स’ पर टैक्स बढ़ाने का फैसला किया है। 1 फरवरी से सिगरेट, पान मसाला, गुटखा और चबाने वाले तंबाकू पर नया टैक्स स्ट्रक्चर लागू होगा। इसमें GST 40% तक हो सकता है, साथ ही एक्साइज ड्यूटी (सिगरेट की लंबाई के आधार पर) और हेल्थ/नेशनल सिक्योरिटी सेस बढ़ेगा।
यह भी पढ़ेंः Budget 2026: कब शुरू होगा बजट भाषण, कहां देखें लाइव प्रसारण?
इससे इन उत्पादों की रिटेल कीमतें काफी बढ़ सकती हैं, जो स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया जा रहा है। ये बदलाव आपके रोजाना के खर्च, यात्रा, खाना बनाने और मनोरंजन को प्रभावित कर सकते हैं। बजट में अगर कोई बड़ी राहत या टैक्स छूट की घोषणा होती है, तो स्थिति बदल सकती है।
