तेज बारिश और आंधी के बाद दिल्ली-NCR में गर्मी ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को दिनभर तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। खासतौर पर 9 जून से 13 जून के बीच तापमान में लगातार वृद्धि हो सकती है, जिससे लू जैसी स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

 

रविवार का मौसम (8 जून)
आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। आसमान साफ रहेगा, लेकिन धूल भरी आंधी चलने की संभावना भी जताई गई है।

 

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान (8 से 13 जून):

  • मौसम साफ रहेगा लेकिन धूल भरी आंधियां परेशान कर सकती हैं।
  • हीटवेव को लेकर राहत की बात यह है कि दिल्ली के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
  • हालांकि, पड़ोसी राज्यों पंजाब और हरियाणा में 9 से 11 जून तक भीषण लू चलने की संभावना है, जिसके मद्देनजर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
  • लोगों को सलाह दी जाती है कि गर्मी और धूप से बचाव के लिए आवश्यक एहतियात जरूर बरतें, जैसे धूप में बाहर निकलते समय छाता या टोपी का उपयोग करें और खूब पानी पिएं।

यह भी पढ़ें: मैतेई नेताओं की गिरफ्तारी, जगह-जगह कर्फ्यू, मणिपुर में फिर इंटरनेट बंद

यूपी में सताएगी गर्मी

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज जल्द ही बदलने वाला है। 7 जून के बाद तापमान में लगातार बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में लू का प्रकोप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को बुंदेलखंड, विंध्य और आसपास के क्षेत्रों में लू चलने की चेतावनी दी है। फिलहाल लखनऊ समेत अधिकांश जिलों में भीषण गर्मी का दौर जारी है।

 

राजस्थान में लू का अलर्ट

राजस्थान में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और गर्मी ने जोर पकड़ लिया है। पश्चिमी विक्षोभ के समाप्त होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। बीकानेर संभाग सबसे अधिक प्रभावित है, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में 8 से 10 जून के बीच लू चलने की चेतावनी जारी की है।

 

हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तेज गर्मी के बाद प्रदेश में अच्छी बारिश के संकेत मिल रहे हैं। पूर्वी राजस्थान में सामान्य से 110% और पश्चिमी राजस्थान में 115% अधिक बारिश होने की संभावना है। आगामी 4-5 दिनों में तापमान में 6 से 7 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, जहां पिछले 24 घंटों में तापमान में 5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

 

यह भी पढ़ें: 'मैं रहूं या ना रहूं', सत्यपाल मलिक ने X पर क्या लिख दिया?

पूर्वोत्तर में बारिश से तबाही, कई राज्यों में हालात गंभीर

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। अब तक बारिश से 36 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे चिंताजनक स्थिति सिक्किम में देखी गई, जहां छातेन सैन्य शिविर के पास भूस्खलन के कारण तीन जवान लापता हो गए हैं।

 

असम समेत अन्य राज्यों में भी हालात गंभीर बने हुए हैं। लगातार हो रही तेज बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 1-2 दिनों तक बारिश का यह सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे स्थिति और बिगड़ने की आशंका है। कई क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें: 150 पाकिस्तानी नंबर, ISI अधिकारियों से संबंध! जासूस जसबीर का कबूलनामा

मानसून की शुरुआत तेज

इस वर्ष मानसून ने समय से पहले देश में दस्तक दी, जिससे किसानों और आम जनता में उत्साह देखा गया। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अब मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। अगले 7 से 8 दिनों तक मानसून की प्रगति थमी रहेगी, यानी नए क्षेत्रों में यह तेजी से नहीं पहुंचेगा। शुरुआत में अच्छी प्रगति के बाद अब मौसम प्रणाली में थोड़ी सुस्ती आई है, जिससे देश के अन्य हिस्सों में मानसून पहुंचने में देरी हो सकती है।