देश के कई राज्यों में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज यानी 26 जून के लिए 21 राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि कई स्थानों पर 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे लोगों की परेशानी और ज्यादा बढ़ सकती है। पूर्वोत्तर भारत में भी मौसम की मार लगातार जारी है। अरुणाचल प्रदेश में तो बारिश ने तबाही मचाई हुई है और आने वाले दिनों में भी बारिस से राहत मिलने की संभावना कम नजर आ रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल और कोंकण क्षेत्र में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। कुछ राज्यों में तो मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी कर दिया है। महाराष्ट्र के मुंबई में आज भी बारिश जारी रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें: पटना में फैजल खान की कोचिंग में उठा धुआं, मची अफरा-तफरी; अब तक क्या पता चला?
दिल्ली-एनसीआर का मौसम
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र के मौसम की बात करें तो यहां आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर मौसम में बदलाव बना रह सकता है। इस बदलाव से दिल्ली में रहने वाले लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश में आज अलग-अलग जिलों में मौसम का असर अलग रह सकता है। राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्मी और लू जैसी स्थिति बने रहने का अनुमान भी जताया गया है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी भी मॉनसून की पहली बारिश का इंतजार है।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
बिहार की बात करें तो बिहार के कई जिलों में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने कटिहार और किशनगंज समेत कुछ इलाकों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में उमस और गर्मी बनी रह सकती है। अगले कुछ दिनों में बिहार में भी मॉनसून की एंट्री के संकेत मिल रहे हैं।
राजस्थान में आंधी और बारिश का अलर्ट
राजस्थान में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। राजस्थान के कई जिलों में आज गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पहाड़ी राज्यों का हाल
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में आज बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और चंपावत में बारिश की संभावना जताई है। हिमाचल की बात करें तो हिमाचल के शिमला, सोलन, बिलासपुर, मंडी, कुल्लू, ऊना, किन्नौर और कांगड़ा में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू, कठुआ, अनंतनाग, पुलवामा, किश्तवाड़, बारामूला, पुंछ और उधमपुर में भी आज हल्की बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें: कनाडा ने पहली बार माना, खालिस्तान समर्थकों ने कनिष्क विमान उड़ाया था
अन्य राज्यों का हाल
हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में आज बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
कहां पहुंचा मॉनसून?
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। इसके प्रभाव से पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बनी हुई हैं। इसी वजह से आज भी कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में अभी भी मॉनसून का इंतजार जारी है। संभावना जताई जा रही है कि अगले एक हफ्ते में पूरे देश में मॉनसून की एंट्री हो सकती है।


