अप्रैल के महीने में लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। देश के अलग-अलग राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है और आज एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश समेत देशभर के 9 राज्यों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। कुछ जगहों पर आंधी-बारिश के साथ आसमानी बिजली गिरने की भी संभावना है। अगले करीब 15 घंटों तक ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहां अब मौसम साफ है। आज यहां बारिश की संभावना नहीं है। तापमान सामान्य से कम बना हुआ है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। हालांकि, आने वाले हफ्ते में तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लोगों को प्रदूषण से भी राहत मिली है।
यह भी पढ़ें: कुत्ता तो पाल लिया लेकिन नहीं पता खिलाएं क्या? ये रहे टॉप डॉग फूड
उत्तर प्रदेश में गर्मी
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजजा नर्म पड़ने लगा है। बारिश के कारण तापमान कम है जिससे लोगों को राहत मिली है लेकिन यह राहत अब ज्यादा लंबे समय के लिए नहीं मिलेगी। उत्तर प्रदेश में 11 अप्रैल को बारिश की किसी तरह की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अब तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी। आने वाले दिनों में यूपी के प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर, लखनऊ, बांदा, ललितपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मेरठ हापुड़, मोरादाबाद, सीतापुर, बाराबंकी, मैनपुरी जिलों में तापमान 35-40 डिग्री तक पहुंच सकता है।
बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
बिहार में पिछले कई दिनों से आंधी-बारिश का दौर जारी है लेकिन अब मौसम शांत है। बिहार में 11 अप्रैल को बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके साथ ही यूपी की ही तरह यहां भी तापमान बढ़ेगा। पटना, गया, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, नालंदा, सिवान, भोजपुर, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, पूणिया, अररिया, किशनगंज में आज से ही गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
पहाड़ी राज्यों का मौसम
पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से पहाड़ों पर भी मौसम थोड़ा नर्म पड़ेगा। हालांकि, अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने शिमला, चंबा, मंडी, कुल्लू, कांगड़ा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मनाली में आज अधिकतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान माइनस 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
उत्तराखंड की बात करें तो यहां आज बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। नैनीताल, देहरादून, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, चमोली, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर में आज तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अनंतनाग, बांदीपोरा, रामबन, बारामूला, पुलवामा, राजौरी, गांदरबल, डोडा, उधमपुर में बारिश की संभावना है। बारिश के कारण तापमान में 2-3 डिग्री की कमी आएगी।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में EV की बिक्री में 29% का उछाल, रिपोर्ट ने चौंकाया; जानें क्या है वजह
अन्य राज्यों का हाल
हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर,असम, मेघालय,अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, ओडिशा में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वोत्तर के ज्यादातर राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है और कुछ जगहों पर 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। दक्षिण भारत के राज्यों में भी मौसम खराब रहेगा लेकिन कहीं अलर्ट नहीं है। इसके साथ ही दक्षिणी भारत के राज्यों में तापमान लगातार बढ़ रहा है।
