अहमदाबाद से लंदन के गेटविक के बीच उड़ान भरने वाले विमान AI171 के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से फ्लाइट में सवार 241 लोगों की मौत हो गई है। साल 2011 के बाद यह पहली बार हुआ है कि कोई बोइंग 787-8 ड्रीमलाइन विमान क्रैश हुआ है। हादसा इतना भयानक था कि जिस इमारत पर विमान गिरा, वहां भी लोग मारे गए। कुल मौतों का आंकड़ा 265 के आसपास है। 787 ड्रीमलाइनर के कैप्टन सुमित सबरवाल और उनके को-पायलट क्लाइव कुंदर भी मारे गए।
कैप्टन सुमित सबरवाल और को-पायलट क्लाइव कुंदर एयर इंडिया के अनुभवी पायलट थे। दोनों के पास 9 हजार घंटे तक विमान उड़ाने का बड़ा अनुभव था। बोइंग ने दोपहर 1 बजकर 39 मिनट पर उड़ान भरी और महज 33 सेकेंड में क्षतिग्रस्त हो गया। टेक ऑफ के तत्काल बाद मेडे कॉल दी गई उसके बाद विमान की ओर से कोई जवाब नहीं आया और लोग मारे गए। विमान हादसे में कुल 12 क्रू मेंबर्स मारे गए हैं। उनके परिवारों का हाल क्या है, आइए जानते हैं-
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद विमान हादसा: जो लोग मारे गए, उनके नाम क्या हैं?
कैप्टन सुमित सबरवाल
समुति सबरवाल साल 1994 ही एयर इंडिया में थे। वह पवई इलाके के जलवायु विहार में रहते थे। उनके 82 साल के पिता अब अकेले छूट गए हैं। सुमीत ने आखिरी बार वादा किया था कि वह अपने पिता के साथ ज्यादा वक्त बिताएंगे। उनकी बहन और भतीजे भी पायलट हैं। अब उनका परिवार, उनके घर पहुंच रहा है। बॉडी की तलाश है।
को-पायलट क्लाइव कुंदर
क्लाइव कुंदर, फिल्म अभिनेता विक्रांत मेसी के चचेरे भाई हैं। उनका परिवार पहले कलीना में रहता था, फिर बोरीवली के आई सी कॉलोनी में शिफ्ट हो गया। उनके माता-पिता इस वक्त ऑस्ट्रेलिया में हैं। उनके पुराने मकान मालिक केनेथ कार्वाल्हो ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा कि क्लाइव की मां भी कभी एयरहोस्टेस थीं।

क्रू मेंबर्स, जिनकी जान गई वे कौन थे?
केबिन क्रू साइनीता चक्रवर्ती
केबिन क्रू की सदस्य साइनीता चक्रवर्ती जुहू कोलीवाडा की रहने वाली थीं। हाल ही में उन्होंने इंडिगो की नौकरी छोड़ी थी और एयर इंडिया में शामिल हुई थीं। उनके पिता को अस्थमा है। उनकी मां मंदिर गईं थीं, जब विमान हादसा हुआ। उनके पिता ने टीवी देखकर यह हाल जाना। साइनीता ही अपने परिवार की इकलौती कमाने वाली सदस्य थीं।
अपर्णा महाडिक
अपर्णा गोरेगांव की रहने वाली थीं। उनके पति अमोल, एनसीपी नेता सुनील तटकरे के भतीजे हैं। वह भी एयर इंडिया के क्रू मेंबर हैं। अपर्णा उनकी छोटी बहन की बहू थीं।

दीपक पाठक
दीपक पाठक बदलापुर के रहने वाले थे। वह 11 साल से एयर इंडिया में काम कर रहे थे। 4 साल पहले उन्होंने शादी की थी। उनकी मां को यह पता था कि दीपक, अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट में सवार हैं। हादसे की खबर मिली तो घरवालों ने फोन किया। फोन नहीं उठा।
यह भी पढ़ें: LIVE: गुजरात में PM, DNA सैंपलिंग जारी, ब्लैक बॉक्स मिला, अब आगे क्या?
रोशनी सोनघरे
रोशनी सोनघरे, डोंबिवली की रहने वाली थीं। कुछ दिनों पहले वह एयर इंडिया में क्रू मेंबर के तौर पर शामिल हुई थीं। वह सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। उनके इंस्टाग्राम पर 54,000 फॉलोअर थे। वह बचपन से ही एयरहोस्टेस बनना चाहती थीं। वह हर दिन उड़ान के बारे में पोस्ट करती थीं।

मैथिली पाटिल
मैथिली पाटिल उरण की रहने वाली थीं। उन्होंने महज 2 साल पहले एयर इंडिया में अपने करियर की शुरुआथ की थी। वह बुधवार को अपने घर पर रहीं। मां-बाप और छोटे भाई-बहनों के साथ वक्त बिताया। फिर अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट में सवार हुईं। उनके परिवार के सदस्यों ने कहा है कि वह हमेशा से क्रू मेंबर बनना चाहती थीं।
और किन लोगों का निधन हुआ?
मणिपुर की मनगांथोई शर्मा की भी मौत हो गई। यह उनकी पहली यात्रा थी। श्रद्धा धवन और इरफान शेख भी हादसे में मारे गए।