जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक बहुत बड़ा हादसा हुआ, जिसमें भारतीय सेना के जवानों की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार कश्मीर के डोडा जिल में गुरुवार को सेना की एक गाड़ी सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरी। इस गाड़ी में कई जवान भी सवार थे। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस दुर्घटना में 10 जवानों की मौत हो गई और कई अन्य जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, यह हादसा डोडा जिले में भद्रवाह-चंबा अंतरराज्यीय मार्ग पर खन्नी टॉप के पास हुआ। अधिकारियों ने बताया कि सेना के बुलेटप्रूफ ट्रक में कुल 17 जवान सवार थे और यह गाड़ी ऊंचाई पर स्थित एक चौकी की ओर जा रही थी। इस दौरान ही यह गाड़ी हादसे का शिकार हुई।
यह भी पढ़ें: CRPF की पूरी यूनिट मर्दों से भरी है, लीडर महिला है, कौन हैं सिमरन बाला?
गाड़ी हुई अनकंट्रोल
यह हादसा तब हुआ जब ड्राइवर का गाड़ी पर कंट्रोल नहीं रहा। अधिकारियों ने कहा कि ड्राइवप ने गाड़ी पर कंट्रोल खो दिया था और उस कारण गाड़ी सड़क से फिसल गई। पहाड़ी रास्ता होने के कारण गाड़ी खाई में जा गिरा। इस खाई की गहराई 200 फीट बताई जा रही है।

सेना ने किया रेस्कयू
इस हादसे की सूचना मिलते ही सैन्य अधिकारियों ने रेस्कयू ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों ने बताया कि सेना और पुलिस ने तुरंत मिलकर रेस्कयू ऑपरेशन चलाया और इस ऑपरेशन में चार जवानों की लाश मिली है। इसके बाद छह जवानों की इलाज के दौरान मौत हो गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कई सैनिक इस हादसे में घायल हो गए हैं और उनमें से तीन जवान गंभीर रूप से घायल हैं। इन तीनों जवानों को ईलाज के लिए हवाई मार्ग से उधमपुर स्थित सेना के अस्पताल में ले जाया गया। अभी तक घायलों की सेहत की जानकारी अधिकारियों ने शेयर नहीं की है।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल ने किया पोस्ट
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, 'डोडा में एक दुखद सड़क हादसे में हमारे 10 बहादुर भारतीय सेना के जवानों की जान जाने से बहुत दुख हुआ। हम अपने बहादुर सैनिकों की बेहतरीन सेवा और सर्वोच्च बलिदान को हमेशा याद रखेंगे। मृत जवानों के परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दुख की इस घड़ी में, पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ा है।'
उपराज्यपाल ने अपनी पोस्ट में बताया कि इस हादसे के शिकार 10 घायल सैनिकों को एयरलिफ्ट करके अस्पताल पहुंचाया गया है। सीनियर अधिकारियों को बेहतरीन इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही उपराज्यपाल ने घायल जवानों के स्वस्थ होने की प्रार्थना भी की।
