भारतीय जनता पार्टी शुक्रवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर आलोचना की। अपनी पोस्ट में उन्होंने मोदी सरकार के सामने सवाल उठाया है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान कितने भारतीय वायुसेना के जेट विमान खोए। बीजेपी ने कांग्रेस नेता पर लापरवाही भरा बयान देने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि राहुल के बयान से राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता हो सकता है।

 

शुक्रवार को बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाया कि राहुल गांधी की टिप्पणियों का इस्तेमाल पाकिस्तान भारत को निशाना बनाने और सशस्त्र बलों का मनोबल गिराने के लिए कर रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस नेता भारत के साथ खड़े हैं या भारत के विरोधियों के साथ? उन्होंने पूछा कि क्या राहुल गांधी विपक्ष के नेता के रूप में काम कर रहे हैं या 'पाकिस्तान के निशान-ए-पाकिस्तान' के रूप में।

 

यह भी पढ़ें: गढ़चिरौली में पुलिस के साथ दो घंटे तक हुई गोलीबारी, 4 माओवादी ढेर

 

देश राहुल गांधी से पूछ रहा है- बीजेपी

 

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, 'आज देश राहुल गांधी से पूछ रहा है। प्रधानमंत्री के साथ मतभेद होना जायज है, यह लोकतंत्र का हिस्सा है।' उन्होंने कहा, 'आप (राहुल गांधी) प्रधानमंत्री के खिलाफ जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं, वह बेहद परेशान करने वाली है। आपके बयानों पर अब पाकिस्तान की संसद में चर्चा हो रही है। पाकिस्तान कांग्रेस नेताओं के शब्दों का इस्तेमाल भारत को निशाना बनाने के लिए कर रहा है और फिर भी आप चुप हैं। यह चिंताजनक है।'

 

तय करना होगा कि आप किसकी तरफ हैं?

 

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, 'राहुल गांधी, आपको तय करना होगा कि आप किसकी तरफ हैं। क्या आप भारत के विपक्ष के नेता हैं या पाकिस्तान के निशान-ए-पाकिस्तान? देश देख रहा है। यह आपको तय करना है।' गौरव भाटिया ने एयर मार्शल संदीप सिंह भारती की पिछली टिप्पणी का हवाला दिया कि सक्रिय युद्ध परिदृश्य के दौरान लड़ाकू विमानों के बारे में जानकारी का खुलासा करना विवेकपूर्ण नहीं है। 

 

यह भी पढ़ें: JP ग्रुप के कई परिसरों में ED की रेड, 12000 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप

 

भाटिया ने कहा, 'जब ऑपरेशन सिंदूर चल रहा है तो राहुल गांधी लापरवाही वाला बयान दे रहे हैं। वह पूछ रहे हैं कि कितने IAF जेट गिरे हैं।' उन्होंने कहा कि 11 मई को एक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान एयर मार्शल भारती ने कहा, 'हम एक युद्ध परिदृश्य में हैं, हमारे लिए उस सवाल का जवाब देना विवेकपूर्ण नहीं है।'

 

पीएम मोदी पर राहुल ने लगाया था आरोप

 

राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भारत के सम्मान से समझौता करने का आरोप लगाया था। भाटिया ने कांग्रेस नेता से कहा, 'राहुल गांधी, हमारे बहादुर सशस्त्र बलों की वीरता और प्रतिबद्धता को कम करके आंकना बंद करें, ऐसे सवाल पूछना बंद करें जो नहीं पूछे जाने चाहिए। वह राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालते हैं। जानबूझकर ऐसे सवाल पूछना, हमारे देश के लिए शत्रुतापूर्ण देशों के एजेंडे को आगे बढ़ाना राहुल गांधी का मूल चरित्र रहा है।'