केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में महिलाओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इसके बावजूद महिलाओं का प्रतिशत अभी तक दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंचा है। संसद में सरकार की ओर से दिए गए जवाब के मुताबिक, अभी भी CAPF में लगभग एक लाख पद खाली हैं लेकिन सिर्फ 5469 पदों के लिए ही भर्ती जारी है। भर्ती भी काफी धीमी ही चल रही है और एक साल में एक हजार से भी कम जवानों की भर्ती की गई है। यह जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय ने संसद में पूछे गए एक गैर तारांकित सवाल के जवाब में दी है। अब देश की संसद की सुरक्षा भी इसी CAPF के अंतर्गत आने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जिम्मे है।

 

CAPF के बारे में इलाहाबाद से कांग्रेस के सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने सवाल पूछा था। उन्होंने यह भी जानकारी मांगी थी कि पिछले एक साल में CAPF में कितने लोगों की भर्ती हुई है और कितने लोगों की भर्ती जारी है। उज्ज्वल रमण सिंह ने एक और सवाल पूछा था कि 33 पर्सेंट सीटें महिलाओं को देने का लक्ष्य अभी तक पूरा हो पाया है या नहीं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इन सभी सवालों के जवाब लिखित तौर पर संसद के पटल पर रखे हैं।

क्या कहते हैं आंकड़े?

 

सरकार की ओर से दिए गए जवाब के मुताबिक, साल 2024 में CAPF में सिर्फ 835 जवानों की भर्ती हुई है और मौजूदा समय में 5469 जवानों को भर्ती करने की प्रक्रिया चल रही है। सबसे ज्यादा जवान CRPF में भर्ती हुए हैं। वहीं, आने वाले समय में सबसे ज्यादा 2344 जवान CISF में भर्ती होने वाले हैं। असम राइफल्स में एक साल में सिर्फ 8 जवानों की भर्ती हुई है। वहीं, SSB में 128, ITBP में 62, BSF में 152, CISF में 209 और CRPF में 276 जवानों की भर्ती हुई है। 

 

महिलाओं की स्थिति क्या है?

 

सरकार ने महिलाओं की 33 पर्सेंट संखअया पर सीधा जवाब तो नहीं दिया है लेकिन यह जरूर कहा है कि महिलाओं की संख्या बढ़ाने की कोशिश लगातार जारी है। सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, साल 2014 में CAPF में महिला जवानों की संख्या 15499 थी जो 2024 में बढ़कर 42,190 हो गई है। 2025 में कुल 4138 महिला जवानों की भर्ती की जानी है। इसमें से सबसे ज्यादा 2419 जवान BSF में भर्ती होंगी। मौजूदा समय में महिलाओं का प्रतिशत सिर्फ 4.44 है। महिलाओं का सबसे ज्यादा प्रतिशत CISF में 7.02 है।

कहां कितने पद खाली हैं?

 

CAPF के 6 बलों को मिलाकर कुल पद 10,55462 हो सकती है। इसमें से 9,48,204 पद पर लोग काम कर रहे हैं यानी कुल 107258 पद खाली हैं। CRPF में 33279 पद, BSF में 12033 पद, CISF में 41610, ITBP में 9020, SSB में 8078 और असम राइफल्स में 3238 पद खाली हैं। 

क्या है CAPF?

 

भारत में सेना और पुलिस के अलावा बड़ी संख्या में केंद्रीय पुलिस बलों के जवान हैं। इसमें असम राइफल्स, बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), इंडो तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP) और सीमा सशस्त्र बल (SSB) शामिल हैं। इसमें से बीएसएफ के जवान पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे देशों के साथ लगती सीमाओं पर ड्यूटी देते हैं। वहीं, CISF के जवान औद्योगिक प्रतिष्ठानों जैसे कि मेट्रो, एयरपोर्ट और PSU कंपनियों को सुरक्षा देते हैं। इन सभी बलों को मिलाकर लगभग 10 लाख जवान देश में काम करते हैं।