दिल्ली विधानसभा परिसर में सोमवार को बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। यहां एक कार गेट तोड़कर विधानसभा परिसर में जा घुसी। कार से ड्राइवर उतरा और विधानसभा अध्यक्ष के दफ्तर के बाहर गुलदस्ता रखकर उसी रास्ते से भाग निकला। घटना विधानसभा के गेट नंबर 2 की है। आरोपी ड्राइवर की पहचान सरबजीत के तौर पर हुई है। वह उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का रहने वाला है। 

 

आरोपी ने टाटा सिएरा कार से विधानसभा का गेट तोड़ा। घटना पर दिल्ली पुलिस ने तत्काल प्रतिक्रिया दी और सरबजीत समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक टाटा सिएरा कार को रूपनगर इलाके में स्थित एक पिकेट से बरामद किया गया है।

 

 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा में जुटेंगे देशभर की असेंबली के स्पीकर, क्या है प्लान?

 

दोपहर 2 बजे की घटना, कार से गेट नंबर 2 तोड़ा

दिल्ली पुलिस का कहना है कि घटना के बाद राष्ट्रीय राजधानी को हाई अलर्ट कर दिया गया है। यूपी रजिस्ट्रेशन नंबर वाली दोपहर करीब 2 बजे विधानसभा के गेट नंबर 2 को तोड़कर परिसर में दाखिल हुई थी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें घटनास्थल पर पहुंची। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया। पूरे इलाके की गहन तलाशी ली गई। अधिकारियों ने यह भी बताया कि गेट नबंर 2 मुख्य द्वार नहीं है। जब विधानसभा में सत्र नहीं चलता है तो उस वक्त यहां सुरक्षा कम होती है। 

 

 

 

बम निरोधक दस्ते ने खंगाला पूरा परिसर

घटना के तुरंत बाद स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (कानून-व्यवस्था) रविंद्र यादव विधानसभा पहुंचे। उन्होंने अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर सीसीटीवी फुजेट की जांच की। फोरेंसिक टीम ने विधानसभा अध्यक्ष के दफ्तर के बाहर रखे गुलदस्ते की जांच की। वहीं बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। बता दें कि हाल ही मे दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। धमकी के बाद हुई घटना को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: दिल्ली विधानसभा में जबरदस्त हंगामा, आतिशी समेत AAP के 12 MLAs सस्पेंड

 

दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी का कहना है कि घटना को सुरक्षा चूक की तरह देखा जा रहा है। इससे सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं। अधिकारी ने आगे बताया कि ड्राइवर विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर बढ़ा और बरामदे के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर अपनी गाड़ी में तेजी से बाहर निकल गया।